उल्टी झाड़ू और काले झंडों के साथ प्रदर्शन करेंगे हड़ताली कर्मचारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

9 सितंबर तक समाधान नहीं हुआ तो हड़ताल आगे बढ़ाने की चेतावनी

सरकार पर तानाशाही, हठधर्मिता और पुलिस दमन का लगाया आरोप

गुडग़ांव, 7 सितम्बर (अशोक)। नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर निगम और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 33वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार पर तानाशाही, हठधर्मिता और पुलिस दमन का आरोप लगाते हुए मंगलवार को उल्टी झाड़ू और काले झंडों के साथ जोरदार विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की।

धरने की संयुक्त अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत और फायर विभाग के जिला प्रधान साहुन खान ने की। संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंघाला और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया।

कर्मचारी नेताओं बसन्त कुमार, राजेश कुमार और जोगिंदर ने कहा कि सरकार कारण बताओ नोटिस, निलंबन और सेवा समाप्ति के आदेश जारी कर कर्मचारियों को डराने का प्रयास कर रही है, लेकिन कर्मचारी इन धमकियों से पीछे हटने वाले नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल के दौरान वैकल्पिक सफाई व्यवस्था के नाम पर अधिकारियों और ठेकेदारों द्वारा फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। संघ ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

कर्मचारी नेताओं ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और सामाजिक न्याय मंत्री कृष्ण बेदी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि 13 मई को हुए समझौते को लागू कराने तथा मुख्यमंत्री से वार्ता कराने के वादे अभी तक पूरे नहीं किए गए हैं।

संघ ने ठेका प्रथा समाप्त करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और अग्निशमन विभाग के मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा सरकारी नौकरी देने की मांग दोहराई।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 9 सितंबर तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हड़ताल को आगे बढ़ाते हुए आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!