17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेंगे सेवा, संवाद और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम
सूरजकुंड में जनसेवक महाकुंभ के साथ होगा अभियान का समापन

चंडीगढ़, 7 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के समापन पर सूरजकुंड में ‘जनसेवक महाकुंभ’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को चंडीगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का यह विशेष पर्व है। हरियाणा में अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए सरकार और संगठन संयुक्त रूप से संचालित करेंगे।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 10 सितंबर को सरकार और संगठन की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य और भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ से होगा शुभारंभ
उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके अंतर्गत बूथ स्तर पर भाजपा कार्यकर्ता परिवारों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
एक माह तक चलने वाले अभियान में ‘सेवक चित्र’, ‘सेवा स्मरण’, ‘आंगन का मिलन’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘वड़नगर से वाराणसी’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘25 साल-25 कहानियां’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा रंग’ तथा हैकाथॉन एवं इनोवेशन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पात्र लोगों तक पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाभाव और आमजन के बीच सेतु बनेंगे। कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उन्हें विकसित भारत के संकल्प से जोड़ेंगे।
डॉ. गुप्ता के अनुसार, प्रदेश सरकार के स्तर पर अभियान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। भाजपा ने भी प्रदेश स्तर पर सभी कार्यक्रमों के संयोजक और सह-संयोजक नियुक्त करने के साथ जिला एवं मंडल स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। पिछले तीन दिनों के दौरान जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया है।








