मुख्यमंत्री आवास घेराव के बाद सैलजा बोलीं -भाजपा की बांटने की चाल सफल नहीं होने देंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा – उत्तराखंड में पलायन, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर

देहरादून,/चंडीगढ़ – 7 सितंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, उत्तराखंड प्रभारी एवं सीडब्ल्यूसी सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को बदनाम करने और प्रदेश के भाईचारे को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा कभी धर्म तो कभी जाति के नाम पर लोगों को बांटने की राजनीति कर रही है। कांग्रेस और उत्तराखंड की जनता भाजपा की इस चाल को कभी सफल नहीं होने देगी।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देहरादून के परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकालकर भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई सभा के बाद कथित ‘शुद्धीकरण’, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की बयानबाजी से स्पष्ट है कि यह सब भाजपा की देखरेख में हो रहा है। लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सांसद ने कहा कि उत्तराखंड में पलायन, बेरोजगारी, अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है। धार्मिक स्थलों के चढ़ावे की चोरी जैसे मामलों ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस उत्तराखंड की जनता से जुड़े सभी मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी। उत्तराखंड प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भूमि है, यहां धर्म और जाति के नाम पर लोगों को बांटने का प्रयास सफल नहीं होने दिया जाएगा।

अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे के पहले दिन कुमारी सैलजा ने देहरादून के श्री दिगंबर जैन भवन में जैन समाज की ओर से आयोजित ‘नारी संस्कार सम्मेलन’ में भाग लिया। दूसरे दिन उन्होंने परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास तक निकाले गए विरोध मार्च में भाग लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!