पुनहाना में कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन: बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संकल्प

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किसानों, कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को सड़क से विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी कांग्रेस: संजय दत्त*

*भाजपा के दमन और अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष तेज करेगी कांग्रेस: राव नरेंद्र सिंह*

चंडीगढ़, 06/09/26 – हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पुनहाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलनों में संगठन की गतिविधियों और ब्लॉक समितियों के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की तथा कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आज कांग्रेस के सामने बहुत बड़ी चुनौती है। सत्ता के लोभ में डूबे भ्रष्ट सत्ताधारियों के अन्याय के खिलाफ और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस को मजबूती से संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी संगठन को हर स्तर पर मजबूत करना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि ब्लॉक से लेकर बूथ स्तर तक प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जनता तक पहुंचाए तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों और दमनकारी कार्यप्रणाली को जनता के सामने मजबूती से उजागर करे।

*गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन को मजबूत करने पर जोर*

सम्मेलनम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर लगातार जनता के बीच सक्रिय रहने और आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

बैठक में स्थानीय नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दे भी प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखे। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस संगठन जनता के सवालों को मजबूती से उठाने के साथ-साथ सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।

*किसानों और कर्मचारियों के मुद्दों पर सरकार को घेरने का ऐलान*

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दे। लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक और जनप्रतिनिधि का अधिकार है। कांग्रेस किसानों, कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की आवाज सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाती रहेगी।

उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर आवाज उठा रहे युवाओं के साथ यदि किसी प्रकार की ज्यादती हुई है, तो सरकार को इसकी जिम्मेदारी तय करनी चाहिए। युवाओं की आवाज दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।

*“संगठनात्मक संवाद अभियान का उद्देश्य बूथ तक कांग्रेस को सक्रिय बनाना: संजय दत्त*

एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का संगठनात्मक संवाद अभियान केवल बैठकों तक सीमित नहीं है। इसका मुख्य उद्देश्य संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक सक्रिय एवं मजबूत बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन को मजबूत करने तथा जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों की आवाज बनकर सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष करेंगे। संगठन की मजबूती ही आने वाले समय में कांग्रेस को और अधिक प्रभावी बनाने का आधार बनेगी।

संजय दत्त ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से सीधा संवाद स्थापित करें, उनकी समस्याओं को समझें और उन्हें संगठन के माध्यम से मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं।

इस अवसर पर आफताब अहमद जी विधायक; मम्मन खान जी विधायक; साहिदा खान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष; इब्राहिम इंजीनियर जी; चौधरी अख्तर हुसैन जी; राजिया बानो, महिला कांग्रेस अध्यक्ष; मुबीन खान, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष; लक्ष्मण सिंह, सेवादल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों में मुबारिक मलिक, शाकिर खान, जमशेद खान, रजाक खान, राम करण और सैफुल्ला सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी प्रदेश प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!