अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाए : चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी

गुरुग्राम, 06 सितंबर 2026 । जिला बार एसोसिएशन, गुरुग्राम के पूर्व प्रधान एवं वरिष्ठ अधिवक्ता तथा प्रधान पद के उम्मीदवार चौधरी संतोख सिंह ने सरकार से अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम शीघ्र लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा आज समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण एवं अभिन्न अंग हैं। वे समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर कमजोर और वंचित लोगों को न्याय दिलाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यदि अधिवक्ता स्वयं सुरक्षित और निर्भीक नहीं होंगे, तो वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कैसे कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करते समय कई प्रकार की चुनौतियों और दबावों का सामना करना पड़ता है। इसलिए आवश्यक है कि सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एक प्रभावी और मजबूत संरक्षण कानून लागू करे, जिससे वे बिना किसी भय या दबाव के स्वतंत्र रूप से कार्य कर सकें।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा केवल वकीलों का मुद्दा नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था की मजबूती से जुड़ा विषय है। सुरक्षित वातावरण में कार्य करने वाला अधिवक्ता ही अपने मुवक्किल के अधिकारों की मजबूती से पैरवी कर सकता है और न्याय की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने में योगदान दे सकता है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि अधिवक्ता संरक्षण कानून को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं तथा अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और सुरक्षा को सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिवक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे बार के हित में अपने मत का प्रयोग करें और उन्हें अपना बहुमूल्य वोट देकर विजयी बनाएं। चौधरी संतोख सिंह ने दोहराया वकीलों का सम्मान, अधिकार, सुरक्षा और कल्याण ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!