जीवंत महाभारत देखना है तो ज्योतिसर आएं: मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नायब सिंह सैनी ने महाभारत अनुभव केंद्र का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

कुरुक्षेत्र, 4 सितंबर (प्रमोद कौशिक)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से महाभारत की कथा को जीवंत रूप में देखने के लिए दुनियाभर के लोगों को कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र आना चाहिए। यह केंद्र महाभारत और श्रीमद्भगवद्गीता की समृद्ध विरासत को समर्पित देश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ज्योतिसर तीर्थ पर पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने महाभारत अनुभव केंद्र का निरीक्षण किया तथा उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रीकृष्ण और राधा की वेशभूषा में सजे बच्चों से भी मुलाकात की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने गीता ज्ञान संस्थानम् परिसर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की और भगवान कान्हा को झूला झुलाया। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी और भाजपा नेता जयभगवान शर्मा को भी अंगवस्त्र प्रदान किए गए।

आधुनिक तकनीक से जीवंत होती महाभारत

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 17 एकड़ में फैले महाभारत अनुभव केंद्र में एक लाख वर्ग फुट से अधिक इनडोर क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां महाभारत के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत बनाने के लिए ऑगमेंटेड रियलिटी, यूवी लेजर, प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राफिक प्रस्तुतियों और इमर्सिव विजुअल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की दीर्घाओं में महाभारत की प्रमुख घटनाओं, पात्रों और दार्शनिक संदेशों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इसकी संरचना तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और परिवारों को ध्यान में रखकर की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्योतिसर वही पवित्र भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था। यह केंद्र भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक माध्यमों से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ कुरुक्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में सहायक बनेगा।

धान खरीद में किसानों को नहीं होगी परेशानी

धान खरीद से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में है और किसानों की धान की फसल खरीदी जाएगी। उन्होंने किसानों से निर्धारित नमी मानकों के अनुरूप धान मंडियों में लाने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक नमी वाले धान से आढ़तियों और खरीद एजेंसियों को परेशानी होती है। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि खरीद सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या न आए।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, मीडिया समन्वयक तुषार सैनी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान और प्रधान जितेंद्र खैरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!