परिवारों, प्रतिष्ठानों और उद्यमों से जुटाई जाएगी जानकारी, नागरिकों से सहयोग की अपील
गुरुग्राम, 4 सितंबर। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्र संकार्य प्रभाग सितंबर 2026 के दौरान गुरुग्राम जिले में परिवारों, प्रतिष्ठानों और उद्यमों से संबंधित विभिन्न सर्वेक्षण करेगा।
सर्वेक्षणों से एकत्रित आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विकास योजनाएं बनाने और नीतियां निर्धारित करने में किया जाएगा। एनएसओ के प्रशिक्षित अधिकारी ई-सिग्मा सॉफ्टवेयर से युक्त टैबलेट और निर्धारित सुरक्षित वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी जुटाएंगे।
इस दौरान मूल्य सूचकांकों, औद्योगिक उत्पादन सूचकांक, निगमित सेवा क्षेत्र के उद्यमों तथा कार्यशील सहकारी समितियों से संबंधित सांख्यिकीय जानकारी भी एकत्रित की जाएगी।
एनएसओ ने नागरिकों और उद्यमियों से सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करने की अपील की है। विभाग के अनुसार, एकत्रित जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उसका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा।









