मंत्री राव नरबीर सिंह के त्वरित हस्तक्षेप से बदली तस्वीर, मेयर और प्रशासन ने भी दिया सहयोग

गुरुग्राम। कार्टरपुरी स्थित कामधेनु गौशाला (पालम विहार) के मुख्य द्वार के बाहर फैली भीषण गंदगी और कूड़े के ढेर की समस्या का त्वरित समाधान कर दिया गया है। पंजाबी बिरादरी महा संगठन की पहल और पर्यावरण मंत्री एवं स्थानीय विधायक राव नरबीर सिंह के हस्तक्षेप के बाद नगर निगम तथा पुलिस प्रशासन हरकत में आया और क्षेत्र की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई।
हाल ही में पंजाबी बिरादरी महा संगठन के अध्यक्ष बोधराज सीकरी, प्रधान ओमप्रकाश कथूरिया, वरिष्ठ उपप्रधान प्रमोद सलूजा, महामंत्री रामलाल गवर, गजेंद्र गोसाईं एवं अन्य पदाधिकारी सेवा भारती के आमंत्रण पर गौशाला पहुंचे थे। इस अवसर पर संगठन ने सेवा भारती के 15 विद्यार्थियों की शिक्षा का संपूर्ण दायित्व उठाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में हरियाणा गौ सेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष पूरण यादव, महानगर संघचालक जगदीश ग्रोवर और डॉ. अशोक दिवाकर सहित 20 से अधिक गौभक्त उपस्थित रहे।
मुख्य द्वार तक पहुंच गया था कूड़ा
दौरे के दौरान पदाधिकारियों ने गौशाला के मुख्य द्वार के बाहर गंदगी और कूड़े के ढेर से उत्पन्न नारकीय स्थिति देखी। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि एक रात गौशाला का मुख्य प्रवेश द्वार कूड़े से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इससे गौशाला के भीतर हरा चारा तथा अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाना भी मुश्किल हो गया था।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए बोधराज सीकरी ने मेयर राजरानी मल्होत्रा और समाजसेवी तिलकराज मल्होत्रा के सानिध्य में नगर निगम आयुक्त तथा पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पर्यावरण मंत्री एवं स्थानीय विधायक राव नरबीर सिंह को भी पूरे मामले से अवगत कराया।
हिसार से ही मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश
उस समय हिसार में मौजूद मंत्री राव नरबीर सिंह ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लिया। इसके बाद उन्होंने बृहस्पतिवार शाम पांच बजे नगर निगम गुरुग्राम की विशेष टीम के साथ गौशाला परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री के हस्तक्षेप, मेयर राजरानी मल्होत्रा के सहयोग तथा नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से गौशाला के बाहर जमा कूड़ा हटा दिया गया। सफाई व्यवस्था बहाल होने के बाद गौशाला के मुख्य द्वार से आवागमन भी सुचारु हो गया है।
समय पर पहल नहीं होती तो भयावह हो सकते थे हालात
हरियाणा गौ सेवा आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष पूरण यादव और कामधेनु गौशाला प्रबंधन ने कहा कि यदि बोधराज सीकरी तथा पंजाबी बिरादरी महा संगठन समय रहते पहल नहीं करते और मंत्री राव नरबीर सिंह मौके पर पहुंचकर कार्रवाई नहीं कराते, तो स्थिति और अधिक भयावह हो सकती थी।
कामधेनु गौशाला प्रबंधन और गौभक्तों ने त्वरित समाधान के लिए पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह, मेयर राजरानी मल्होत्रा, नगर निगम आयुक्त, पुलिस आयुक्त, बोधराज सीकरी तथा पंजाबी बिरादरी महा संगठन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।









