कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने गुरुग्राम में दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारियों को बताया लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन
गिरफ्तार युवाओं को तत्काल रिहा करने, मुकदमे वापस लेने और परिवारों का उत्पीड़न रोकने की मांग
चंडीगढ़, 22 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने और उनकी गिरफ्तारी को लेकर नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल किया, “हरियाणा के युवाओं से इतनी नफरत क्यों, नायब सैनी जी?”
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना कोई अपराध नहीं है। इसके बावजूद गुरुग्राम के सिविल लाइंस थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारियां की जा रही हैं। यह शांतिपूर्ण विरोध और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के संवैधानिक अधिकार पर सीधा हमला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय एफआईआर, गिरफ्तारी और पुलिसिया कार्रवाई के जरिए उसे दबाने का प्रयास कर रही है। सरकार को युवाओं की समस्याएं और मांगें सुननी चाहिए, न कि पुलिस बल का सहारा लेकर असहमति को कुचलना चाहिए।
परिवारों को परेशान करने का आरोप
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार युवाओं के परिवारों को भी परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सभी गिरफ्तार युवाओं को तत्काल रिहा किया जाए, दर्ज एफआईआर वापस ली जाए और उनके परिवारों का उत्पीड़न बंद किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को पुलिस के पीछे छिपने के बजाय जनता के सामने आकर युवाओं की समस्याओं और मांगों को सुनना चाहिए। युवाओं के भविष्य, रोजगार और अधिकारों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर एफआईआर और गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संवाद और समाधान से दिया जाना चाहिए।
‘क्या यही लोकतंत्र का सम्मान है?’
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने लोकतांत्रिक चेतना, विचारों की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को सर्वोच्च महत्व दिया था। इसके विपरीत आज हरियाणा में शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने वाले युवाओं को डराने और दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने सवाल किया कि क्या यही नायब सैनी सरकार का लोकतंत्र तथा बाबासाहेब के विचारों के प्रति सम्मान है?
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाकर उसे समाप्त नहीं कर सकती। आवाज दबाने की प्रत्येक कोशिश उसे और बुलंद करेगी। कांग्रेस हरियाणा के युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों और सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।








