कर्मचारियों की हड़ताल 21 अगस्त तक बढ़ी, नगर निगम कार्यालय पर जड़ा ताला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सड़कों पर उतरे सफाई और सीवर कर्मचारी, स्थानीय निकाय मंत्री का पुतला फूंका

13 मई के समझौते के पत्र जारी होने तक प्रदेशभर में आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

गुडग़ांव, 18 अगस्त (अशोक)। प्रदेश सरकार पर हठधर्मिता और वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नगर पालिका एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल 21 अगस्त तक बढ़ाने की घोषणा कर दी है। मंगलवार को हड़ताल के 13वें दिन कर्मचारियों ने पुराने नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर काम का पूर्ण बहिष्कार किया। इसके बाद शहर में प्रदर्शन करते हुए स्थानीय निकाय मंत्री का पुतला फूंका।

हड़ताल की अध्यक्षता वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत और फायर विभाग के उपप्रधान साहुन खान ने की, जबकि संचालन सचिव धर्मेंद्र और कैशियर भारत कांगड़ा ने किया। कर्मचारियों ने सरकार के नकारात्मक रवैये के विरोध में 19, 20 और 21 अगस्त को भी हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया।

13 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की मांग

यूनियन के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार 13 मई के समझौते के अनुसार 13 हजार रोल कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने और अन्य स्वीकृत मांगों के आधिकारिक पत्र जारी नहीं करती, तब तक प्रदेशभर में आंदोलन जारी रहेगा।

यूनियन नेता वसंत कुमार, राजपाल, राजेश कुमार, सम्मी बोहत और साहुन खान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपने 11 वर्षों के शासन में सफाईकर्मियों और सीवरमैन की नियमित भर्ती नहीं की। इससे कर्मचारियों को ठेकेदारों पर निर्भर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि 30 जून 2022 के पत्र के अनुसार जब अन्य विभागों में ठेकेदारी समाप्त कर कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम में समायोजित किया जा चुका है, तो सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है?

शहर में प्रदर्शन, मंत्री का पुतला फूंका

पुराने नगर निगम कार्यालय पर तालाबंदी करने के बाद कर्मचारी अग्रसेन चौक और अग्रवाल धर्मशाला चौक से प्रदर्शन करते हुए सिद्धेश्वर मंदिर चौक पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए स्थानीय निकाय मंत्री का पुतला फूंका।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पंकज डाबर ने अपनी टीम के साथ धरनास्थल पर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। जनसभा को सीटू के सुरेश नोहरा, सर्व कर्मचारी संघ के महेश कुमार और टूरिज्म यूनियन के नेता वेदपाल ने भी संबोधित किया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!