स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा गुरुग्राम, उपमंडलों में भी उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय पर्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर, बादशाहपुर में विधायक सतीश फागना तथा मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा ने किया ध्वजारोहण

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और शानदार मार्चपास्ट ने बढ़ाई स्वतंत्रता दिवस की शोभा

गुरुग्राम, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह गुरुग्राम में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। इसके साथ ही जिले के उपमंडल सोहना, पटौदी, मानेसर और बादशाहपुर में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। समारोहों में ध्वजारोहण के उपरांत स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के बलिदान को नमन किया गया तथा देश की एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया गया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जबकि पुलिस, एनसीसी कैडेट्स और स्काउट दस्तों ने अनुशासित एवं आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर समारोह की गरिमा बढ़ाई।

सोहना-

सोहना उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह देवीलाल स्टेडियम परिसर में देशभक्ति और उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। समारोह में सोहना के विधायक तेजपाल तंवर ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर एसडीएम अखलेश कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी एवं उनके परिजन, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक तेजपाल तंवर ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती रही है और यहां के वीरों ने देश की आजादी से लेकर राष्ट्र की सुरक्षा तक हर मोर्चे पर अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल गौरवशाली अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित और समृद्ध हरियाणा के निर्माण का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश कृषि, उद्योग, खेल, शिक्षा और युवाओं के विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा हरियाणा के मेहनती किसान, प्रतिभाशाली युवा, वीर जवान और हमारी बेटियां प्रदेश की पहचान को नई ऊंचाई दे रहे हैं। उन्होंने सभी से प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा को विकसित भारत की मजबूत कड़ी बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

बादशाहपुर-

बादशाहपुर उपमंडल का स्वतंत्रता दिवस समारोह राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। समारोह में फरीदाबाद एनआईटी के विधायक सतीश फागना ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि उनके साथ एसडीएम संजीव सिंगला मौजूद रहे। विधायक सतीश फागना ने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हम स्वतंत्र भारत की गौरवशाली यात्रा का उत्सव मना रहे हैं। यह पावन दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, त्याग और देशभक्ति का स्मरण कराता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरों, किसानों और मेहनतकश लोगों की धरती रही है, जहां देश की आजादी और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अनेक वीर सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए हम सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।

मानेसर

मानेसर उपमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह नखड़ोला स्थित शहीद एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मृति स्टेडियम परिसर में देशभक्ति और उत्साह के साथ गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। समारोह में गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम दर्शन यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक मुकेश शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश में विकास की नई संभावनाएं एवं अवसर तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है तथा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में लगातार उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनती किसान, प्रतिभाशाली युवा, वीर जवान और कर्मठ नागरिकों से है और प्रदेश की यह ऊर्जा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने शहीदों के सपनों को साकार करने, प्रदेश की प्रगति को गति देने तथा हरियाणा को और अधिक समृद्ध, सशक्त एवं विकसित बनाने का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है।

पटौदी

पटौदी उपमंडल का स्वतंत्रता दिवस समारोह अनाजमंडी परिसर में देशभक्ति, उत्साह और उल्लास के वातावरण में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया गया। समारोह में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम पटौदी दिनेश कुमार सहित प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। विधायक बिमला चौधरी ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर बलिदानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और उनके सपनों के भारत के निर्माण का संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। केंद्र और राज्य सरकार इसी संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर विकास कार्यों को गति दे रही हैं, ताकि देश और प्रदेश का प्रत्येक वर्ग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, मेहनत और देशभक्ति के लिए जानी जाती है और प्रदेश के किसान, जवान, युवा तथा महिलाएं इसकी प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी से देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने तथा विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी प्रस्तुत की गईं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!