राई की बलिदानी मिट्टी ने फिर दिया राष्ट्र प्रथम का संदेश, तिरंगे के साथ गूंजे भारत माता के जयघोष
बाबा कुशाल सिंह दहिया का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र और धर्म के लिए सर्वस्व समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा : डा. अर्चना गुप्ता

चंडीगढ़, 13 अगस्त। जिस राई की पावन धरती ने बाबा कुशाल सिंह दहिया जैसे महान बलिदानी को जन्म दिया, उसी ऐतिहासिक धरती पर गुरुवार को निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को एक सूत्र में पिरो दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और आमजन हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा राई क्षेत्र राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान हो उठा।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राई की धरती का इतिहास हमें बताता है कि बलिदान केवल शब्द नहीं, बल्कि अपनी सबसे प्रिय वस्तु भी किसी महान उद्देश्य के लिए समर्पित कर देने का नाम है। बाबा कुशाल सिंह दहिया जी ने गुरु के शीश की रक्षा के लिए अपना शीश देकर त्याग और बलिदान की ऐसी मिसाल कायम की, जिसे युगों-युगों तक श्रद्धा के साथ स्मरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आज उसी बलिदानी धरती पर हाथों में तिरंगा लेकर चलना अपने आप में गौरव और भावुकता का क्षण है। जिस मिट्टी में धर्म और गुरु की मर्यादा की रक्षा के लिए शीश अर्पित करने की परंपरा रही हो, उस मिट्टी से उठता तिरंगा राष्ट्र के लिए सर्वस्व समर्पण का संदेश देता है। बाबा कुशाल सिंह दहिया जी का बलिदान और हमारे स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों का त्याग हमें एक ही शिक्षा देता है—व्यक्ति से बड़ा राष्ट्र और अपने स्वार्थ से बड़ा कर्तव्य होता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश की स्वतंत्रता भी असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। हमारे वीर सैनिक आज भी सीमाओं पर मातृभूमि की रक्षा के लिए डटे हैं। आजादी के महापर्व की पूर्व संध्या पर हमें उन सभी वीरों के प्रति कृतज्ञ होकर यह संकल्प लेना चाहिए कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान से कभी समझौता नहीं होने देंगे।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि तिरंगा अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि उन असंख्य बलिदानों की अमूल्य विरासत है जिनके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सिर ऊंचा करके खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का गौरव और तिरंगे का सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। भाजपा राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है और उसका प्रत्येक कार्यकर्ता इसी भावना के साथ राष्ट्रसेवा में जुटा है।
तिरंगा यात्रा में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, मेयर राजीव जैन, जिला प्रभारी सतीश नांदल, सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। डा. अर्चना गुप्ता स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चलीं। यात्रा के दौरान जगह-जगह नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और पूरा राई क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजता रहा।








