गीता भवन मंदिर में सुबह 11 बजे होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, सदस्य प्रस्तुत करेंगे देशभक्ति गीत
गुरुग्राम, 12 अगस्त। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की गुरुग्राम शाखा की कोर कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को आईडीसी-72 स्थित कार्यालय में शाखा प्रधान धर्म सागर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में प्रधान धर्म सागर तथा को-हेड एवं मंच संचालक डीएन कवातरा ने बताया कि क्लब की ओर से तीसरे शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम न्यू कॉलोनी स्थित गीता भवन मंदिर में सुबह 11 बजे शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम पूरी तरह स्वतंत्रता दिवस और देशभक्ति की भावना को समर्पित रहेगा। क्लब के सदस्य देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देंगे और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं देश की एकता-अखंडता का संदेश देंगे।
प्रधान धर्म सागर ने कहा, “हम सभी मिलकर 15 अगस्त को उत्साह और गरिमा के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे तथा तिरंगे की शान बढ़ाएंगे।”
बैठक में एचएस चावला ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर एमआर कुमार, हरीश, संगीतकार रमेश वशिष्ठ, मधु शर्मा और एसके गाबा सहित कोर कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।








