नगर निगम आयुक्त ने जारी किया आदेश, तत्काल प्रभाव से लागू हुआ निर्णय
गुरुग्राम, 12 अगस्त। नगर निगम गुरुग्राम के प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा सीएमओ डॉ. आशीष सिंघला को संयुक्त आयुक्त-6 के कार्यों का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
बुधवार को जारी आदेश के अनुसार डॉ. आशीष सिंघला अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ संयुक्त आयुक्त-6 के कार्यों का निर्वहन करेंगे। यह व्यवस्था हरियाणा म्युनिसिपल कॉरपोरेशन एक्ट, 1994 की धारा 202(2) के तहत निगमायुक्त द्वारा प्रदत्त शक्तियों के आधार पर की गई है। नगर निगम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी। डॉ. आशीष सिंघला अपने वर्तमान कार्यों के साथ संयुक्त आयुक्त-6 से संबंधित जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे।
संयुक्त आयुक्त स्तर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपे जाने से संबंधित जोन के प्रशासनिक कार्यों, विभागीय समन्वय और क्षेत्रीय स्तर पर नागरिक सेवाओं की निगरानी को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। डॉ. आशीष सिंघला के पास मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रूप में निगम से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व पहले से हैं। ऐसे में उनके अनुभव का लाभ संयुक्त आयुक्त-6 के कार्यों में भी मिलेगा और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।








