13 अगस्त को शाम 4 बजे गौशाला ग्राउंड से शुरू होगी तिरंगा यात्रा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा होंगे मुख्य अतिथि
सदर बाजार, सोहना चौक, गुरुद्वारा रोड, अग्रवाल धर्मशाला होते हुए जॉन हॉल पहुंचेगी यात्रा; पैदल, साइकिल व बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवा होंगे शामिल
गुरुग्राम, 12 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुग्राम में 13 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार ने आज अपने कार्यालय में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा 13 अगस्त को शाम 4 बजे गौशाला ग्राउंड, सदर बाजार से शुरू होगी। यात्रा में गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा को भव्य, अनुशासित एवं गरिमामय स्वरूप देने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
एसडीएम ने बताया कि तिरंगा यात्रा गौशाला ग्राउंड से प्रारंभ होकर सदर बाजार, सोहना चौक, गुरुद्वारा रोड एवं अग्रवाल धर्मशाला से होते हुए जॉन हॉल तक पहुंचेगी। बैठक में यात्रा के निर्धारित रूट के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जानकारी साझा करने तथा रूट मैप सभी संबंधित विभागों एवं प्रतिभागी संस्थाओं के साथ समय रहते साझा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पुलिस विभाग द्वारा आवश्यक यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को आवागमन में अनावश्यक परेशानी न हो और यात्रा भी व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।
बैठक में बताया गया कि खेल विभाग, शिक्षा विभाग तथा मेरा युवा भारत सहित संबंधित विभागों से तिरंगा यात्रा में साइकिल रैली एवं बाइक रैली के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि यात्रा के प्रारंभिक स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं तथा प्रतिभागियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से जुड़ा जन-अभियान है। इसमें अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त प्रीतपाल, एसीपी संजय, सुरेश तथा प्रवीण, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन, जिला खेल अधिकारी आरती कोहली सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।








