प्राणीमात्र के कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना

नूंह, 11 अगस्त। श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन अवसर पर विश्व ब्राह्मण संघ (भारत) के चेयरमैन पंडित रविकांत शर्मा ने नूंह की अरावली पहाड़ियों में स्थित प्राचीन श्री नल्हेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। उन्होंने ब्राह्मण समाज के साथ ही समस्त देशवासियों एवं प्राणीमात्र के कल्याण, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की।
रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता राजेश कौशिक, उपाध्यक्ष विनोद वशिष्ठ, प्रवक्ता राजीव शर्मा, कुलदीप कुमार, कैलाश वशिष्ठ सहित अनेक पदाधिकारी और श्रद्धालु शामिल हुए। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय श्री महाकाल’ के जयघोष से गूंज उठा।
महाकाल का चित्र भेंट कर किया स्वागत

श्री नल्हेश्वर महादेव मंदिर के अध्यक्ष जी.एस. मलिक एवं मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने संघ के प्रतिनिधिमंडल का भव्य स्वागत किया। उन्होंने पंडित रविकांत शर्मा तथा अन्य पदाधिकारियों को भगवान महाकाल का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जी.एस. मलिक ने प्रतिनिधिमंडल के साथ विचार-विमर्श करते हुए मंदिर से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक तथ्यों की जानकारी साझा की। पंडित रविकांत शर्मा ने मंदिर समिति के स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
महाभारत काल से जुड़ी हैं मान्यताएं

अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित श्री नल्हेश्वर महादेव मंदिर को प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। लोकमान्यता के अनुसार इसका संबंध महाभारत काल और पांडवों के अज्ञातवास से है। यह भी मान्यता है कि कौरवों और पांडवों के बीच समझौते के प्रयासों के दौरान भगवान श्रीकृष्ण ने इस क्षेत्र में विश्राम किया था।
मंदिर के पीछे पहाड़ी पर स्थित प्राकृतिक कुंड श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि पास स्थित कदंब के वृक्ष की ओर से इसमें निरंतर जलधारा प्रवाहित होती रहती है और कुंड का जलस्तर कभी कम नहीं होता। इस जलधारा को भगवान श्रीकृष्ण के चरणों के प्रभाव से भी जोड़कर देखा जाता है।
सनातन संस्कृति मानव कल्याण का संदेश देती है: शर्मा
पंडित रविकांत शर्मा ने कहा कि भगवान शिव त्याग, तपस्या, करुणा और लोककल्याण के प्रतीक हैं। सनातन संस्कृति केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता और प्राणीमात्र के कल्याण की कामना करती है। उन्होंने सभी देशवासियों को श्रावण मास की शिवरात्रि की बधाई देते हुए भगवान शिव से सबके जीवन में आरोग्य, समृद्धि और शांति प्रदान करने की प्रार्थना की।








