पहले दिन देर शाम तक करीब 200 स्थायी और 150 अस्थायी अतिक्रमण हटाए; गुरुग्राम में 12 टीमों और 14 जेसीबी मशीनों ने संभाला मोर्चा
गुरुग्राम, 11 अगस्त। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अतिक्रमण हटाओ अभियान के पहले दिन शहर में करीब 16 किलोमीटर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अभियान के दौरान करीब 200 स्थायी और 150 अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। जीएमडीए की एनफोर्समेंट ब्रांच की 12 टीमों ने 36 अधिकारियों-कर्मचारियों तथा 14 जेसीबी मशीनों के साथ शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ कार्रवाई की।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा के निर्देश पर शुरू किए गए इस व्यापक अभियान का पहले दिन मुख्य फोकस पुराने गुरुग्राम पर रहा। यहां सड़कों, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू ) पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य सड़क और पैदल यात्रियों के लिए उपलब्ध स्थान को दोबारा जनता के लिए खोलना रहा।
सड़क और फुटपाथ जनता के लिए हैं
जीएमडीए के सीईओ श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि व्यवस्थित तरीके से सार्वजनिक स्थानों को वापस जनता को उपलब्ध कराना और पैदल व वाहन यातायात को सुचारु करना है।
उन्होंने कहा कि सड़कें और फुटपाथ सार्वजनिक उपयोग के लिए हैं और इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जा सकता। जीएमडीए ने सार्वजनिक राइट ऑफ वे को पुनः बहाल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अभियान शुरू किया है। अतिक्रमण हटाए गए स्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि दोबारा कब्जा न हो। साथ ही, तोड़फोड़ के बाद बचा मलबा समय पर हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि मुक्त कराए गए स्थान तत्काल जनता के उपयोग में आ सकें।
पुराने गुरुग्राम में व्यापक कार्रवाई
अभियान के पहले दिन पुराने गुरुग्राम के कई महत्वपूर्ण मार्गों पर कार्रवाई की गई। इनमें चर्च गेट से रेलवे स्टेशन तक ओल्ड रेलवे रोड, धनवापुर रोड, सेक्टर-4/9 और सेक्टर-5/6 की डिवाइडिंग रोड शामिल रहीं। इसके अलावा सेक्टर-81, 82, 82ए, 85, 86, 89, 90 और 93 के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाया गया।
टीमों ने सड़कों और फुटपाथों की चौड़ाई कम करने वाले स्थायी कमरे, चारदीवारी, पक्के शेड, खोखे, कियोस्क, निर्माण सामग्री और अन्य अस्थायी ढांचे हटाए।
ओल्ड रेलवे रोड पर करीब 15 फीट तक अतिक्रमण मुक्त स्थान बहाल किया गया, जबकि धनवापुर रोड पर भी लगभग 15 फीट क्षेत्र खाली कराया गया। सेक्टर-4/7 की डिवाइडिंग रोड पर करीब 20 फीट सड़क क्षेत्र अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
ग्रीन बेल्ट में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।करीब 15 संपत्तियों में चारदीवारी और अन्य निर्माण के माध्यम से ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में विस्तार पाया गया। इन अवैध विस्तारों के तहत बनाए गए स्थायी कमरों और अन्य ढांचों को हटाया गया।
12 टीमों और 14 जेसीबी ने संभाला मोर्चा
अभियान का नेतृत्व जीएमडीए के डीटीपी एनफोर्समेंट आर.एस. बाट्ठ ने किया। श्री बाठ के नेतृत्व में टीमें अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई में जुटी रहीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे लगातार और चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
आर.एस. बाट्ठ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को उन लोगों को वापस दिलाना है, जिनका वहां उपयोग का अधिकार है। जहां आवश्यक हुआ, वहां लोगों को समझाकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए प्रेरित किया गया। कई स्थानों पर लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिया। उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षेत्रों के पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त होने तक अभियान जारी रहेगा।
जीएमडीए का व्यापक लक्ष्य गुरुग्राम में करीब 300 किलोमीटर सार्वजनिक राइट ऑफ वे को अतिक्रमण मुक्त कराना है।
स्थानीय लोगों ने भी दिया अभियान को सहयोग
सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई को स्थानीय लोगों का भी अच्छा समर्थन मिला। करीब 100 लोगों ने सड़क और पैदल चलने की जगह बहाल होने पर जीएमडीए की कार्रवाई की सराहना की।इनमें कई वरिष्ठ नागरिक भी शामिल थे।
कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने अभियान में जुटी टीमों को चाय और लस्सी भी उपलब्ध कराई। अधिकारियों के अनुसार, इससे सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के प्रति लोगों के समर्थन और सहयोग का पता चलता है।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ लोगों को जागरूक भी किया गया। सार्वजनिक उद्घोषणा के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को तोड़फोड़ के बाद बचा मलबा 24 घंटे के भीतर हटाने को कहा गया। ऐसा नहीं करने पर जीएमडीए द्वारा मलबा हटाने की कार्रवाई की जाएगी और उस पर होने वाले खर्च की भरपाई अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति से की जाएगी ।
अधिकारियों के मुताबिक, दिनभर में चिन्हित कुल उल्लंघनों में से करीब 20 प्रतिशत अतिक्रमण लोगों ने टीमों की समझाइश के बाद स्वयं हटा लिए।
दूसरे दिन शीतला माता रोड कॉरिडोर पर कार्रवाई
अभियान के दूसरे दिन करीब 20 किलोमीटर लंबे शीतला माता रोड कॉरिडोर को अतिक्रमण मुक्त कराने पर फोकस रहेगा। इसके तहत अतुल कटारिया चौक से शीटला माता मंदिर, शीटला माता मंदिर से शहीद भगत सिंह चौक, शहीद भगत सिंह चौक से कृष्णा चौक और आगे रेजांगला चौक तक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा सेक्टर-9/9ए, सेक्टर-4/7 और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड के विभिन्न हिस्सों में भी अतिक्रमण हटाया जाएगा।
जीएमडीए अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान अब निरंतर और योजनाबद्ध तरीके से चलता रहेगा। अतिक्रमण मुक्त कराए गए मार्गों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक स्थानों की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो और नागरिकों के लिए बहाल किए गए सार्वजनिक स्थान स्थायी रूप से उपलब्ध रहें।








