राव नरेंद्र सिंह ने कहा—जनता के मुद्दों को सड़क से विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी कांग्रेस

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*किसानों, कर्मचारियों और मतदाताओं के अधिकारों की लड़ाई को संगठन के जरिए तेज करने का आह्वान*

*संजय दत्त ने कहा—SIR में हर पात्र मतदाता का नाम सुरक्षित रखना कांग्रेस की प्राथमिकता*

*नहरों की सफाई में देरी, किसानों को सिंचाई पानी और बिजली कर्मचारियों की मांगों पर सरकार को घेरा*

चंडीगढ़/पानीपत,10 अगस्त  – हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का संगठनात्मक संवाद अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। पानीपत में रविवार और सोमवार को ग्रामीण एवं शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणी तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ प्रदेश के मौजूदा जनहित के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सोमवार को पानीपत ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक के साथ पानीपत ग्रामीण, समालखा और इसराना विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से संवाद किया गया। इससे एक दिन पूर्व रविवार को पानीपत शहरी जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी तथा पानीपत शहरी विधानसभा क्षेत्र के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई।

बैठकों में पानीपत ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रमेश मलिक, पानीपत शहरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत सिंह, पूर्व मंत्री बिजेंद्र सिंह कादयान, पूर्व विधायक बलबीर बाल्मिकी, दिव्यांशु बुद्धिराजा, सचिन कुंडू, वीरेंद्रपाल शाह (बुल्ले शाह) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठकों के दौरान नहरों की सफाई में देरी, किसानों को पर्याप्त सिंचाई पानी उपलब्ध कराने, बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।

राव नरेंद्र सिंह: हर वर्ग की आवाज बनेगा कांग्रेस संगठन

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों और प्रशासनिक लापरवाही के कारण प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। किसान नहरों की सफाई और पर्याप्त पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, बिजली कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पर हैं और SIR के दौरान मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर भी कांग्रेस पूरी तरह सजग है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठन जनता के मुद्दों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि उन्हें सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता गांव, शहर और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझेंगे तथा उनके समाधान के लिए सरकार पर दबाव बनाएंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। कार्यकर्ताओं और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाकर कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक हिस्से में जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।

संजय दत्त: SIR में किसी पात्र मतदाता का नाम न कटने दें कांग्रेस कार्यकर्ता

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि SIR की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाता के अधिकारों से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ मतदाता सूचियों की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से बाहर न हो।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने तथा गलत तरीके से हटाए गए नामों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता संबंधित अधिकारियों के समक्ष मजबूती से आवाज उठाएं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से विधानसभा, मंडल और बूथ स्तर तक SIR अभियान को पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ संचालित करने का आह्वान किया।

संजय दत्त ने नहरों की सफाई में देरी को लेकर कहा कि समय पर नहरों की सफाई कर किसानों के खेतों तक पर्याप्त पानी पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है। नहरों की सफाई में लापरवाही का सीधा असर किसानों की फसलों पर पड़ता है। उन्होंने बिजली कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल पर कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान बातचीत और सकारात्मक संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।

तीन चरणों में 12 जिलों की 17 जिला कांग्रेस कमेटियां और 47 विधानसभा क्षेत्र कवर

राव नरेंद्र सिंह ने जिलेवार आयोजित की गई संगठनात्मक बैठकों की जानकारी देते हुए बताया कि जिलेवार बैठकों के तीसरे चरण के तहत 7 से 10 अगस्त तक सोनीपत ग्रामीण, सोनीपत शहरी, पानीपत ग्रामीण तथा पानीपत शहरी जिला कांग्रेस कमेटियों की कार्यकारिणियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं।

इस दौरान सोनीपत, राई, गन्नौर, खरखौदा, गोहाना, बड़ौदा, पानीपत सिटी, पानीपत ग्रामीण, समालखा और इसराना विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं के सुझाव, समस्याएं और विचार भी सुने गए।

उन्होंने बताया कि इसी चरण के दौरान 7 अगस्त को सभी जिला कांग्रेस कमेटियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न जिलों में पार्टी द्वारा किए गए कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से जनहित एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी तथा तेज गति से आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

8 अगस्त को SIR को लेकर राज्यस्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि SIR अभियान को विधानसभा, मंडल एवं बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता और गंभीरता के साथ संचालित किया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।

तीन चरण पूरे, संगठनात्मक अभियान लगातार जारी रहेगा

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जिलेवार संगठनात्मक बैठकों के तीन चरण सफलतापूर्वक पूरे किए जा चुके हैं। इन तीन चरणों में पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, गुरुग्राम, सोनीपत और पानीपत सहित 12 जिलों की 17 जिला कांग्रेस कमेटियों और 47 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करना तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। आने वाले दिनों में भी संगठनात्मक संवाद अभियान लगातार जारी रहेगा और प्रदेश के सभी जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें