समाधान शिविर में डीसी उत्तम सिंह ने सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वृद्धजनों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ करें निपटारा : डीसी उत्तम सिंह

गुरुग्राम, 10 अगस्त। डीसी उत्तम सिंह ने सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। अधिकारी प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

वृद्धजनों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर विशेष संवेदनशीलता से करें कार्रवाई : डीसी

डीसी उत्तम सिंह ने शिविर में आई 10 शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की शिकायत को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। विशेष रूप से वृद्ध महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारी उनकी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि शिकायत का समाधान केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि नागरिक को वास्तविक एवं स्थायी राहत मिलनी चाहिए।

डीसी ने कहा कि समाधान शिविर सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा हैं, जिसके तहत आमजन की समस्याओं का सरल, सुगम और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा नागरिकों को पारदर्शी तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की संतुष्टि ही प्रशासन की कार्यप्रणाली की वास्तविक कसौटी है और अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को जिला स्तर एवं उपमंडल स्तर पर की जा रही जन शिकायतों की सुनवाई

प्रत्येक सोमवार तथा वीरवार को जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर एसडीएम कार्यालय पर आयोजित समाधान शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। प्रातः 10 से 12 बजे के बीच शिविर में परिवार पहचान पत्र में आय संबंधी विवरण ठीक करवाने, पेंशन से जुड़े मामलों, संपत्ति एवं स्वामित्व संबंधी कार्यों, बिजली-पानी की शिकायतों तथा परिवार पहचान पत्र में दर्ज अन्य गलत विवरण को दुरुस्त करवाने सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारी शिकायतों की जांच कर नियमानुसार मौके पर समाधान करने अथवा निर्धारित समयसीमा में कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। इससे नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की आवश्यकता कम हो रही है और शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

शिविर में एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, गुरुग्राम नगर निगम से संयुक्त आयुक्त सपना यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें