अक्षित दहिया को युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष बनाने पर दहिया खाप ने किया डॉ. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सामाजिक समरसता और सद्भाव भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा: डॉ. अर्चना गुप्ता

खुद ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल पहुंचीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, युवाओं ने लगाए ‘मोदी-नायब जिंदाबाद’ के नारे

*दहिया खाप से मिला सम्मान और स्नेह सदैव स्मरणीय रहेगा: डॉ. अर्चना गुप्ता*

चंडीगढ़, 09 अगस्त। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अक्षित दहिया को दायित्व दिए जाने पर रविवार को सोनीपत के सिसाना गांव के चबूतरे पर दहिया खाप ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के सम्मान में धन्यवाद एवं अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया। दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र दहिया, द्रोणाचार्य अवार्डी ओमप्रकाश दहिया, कृष्ण प्रधान, ईश्वर दहिया, सोमबीर आर्य सहित विभिन्न गांवों से आए सरपंचों एवं गणमान्य नागरिकों ने डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य स्वागत किया।

कार्यक्रम का खास आकर्षण तब देखने को मिला जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता स्वयं ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचीं। उनके इस अंदाज से युवाओं और ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं और युवाओं ने ‘डॉ. अर्चना गुप्ता जिंदाबाद’ और ‘मोदी-नायब जिंदाबाद’ के नारे लगाए।

अपने अभिनंदन से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने दहिया खाप, सरपंचों, गणमान्य नागरिकों, युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा, “दहिया खाप ने जो सम्मान, अपनापन और स्नेह दिया है, वह मेरे लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सामाजिक समरसता और सद्भाव भाजपा की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र पर चलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए सरकार बिना भेदभाव काम कर रही है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की हितैषी सरकार है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह खेती की लागत घटाने के साथ भूमि और पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

युवाओं को संगठन की सबसे बड़ी ऊर्जा बताते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की ताकत है और युवा शक्ति उसके भविष्य की आधारशिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच मजबूत सेतु बनें तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!