सीन ऑफ क्राइम टीम को घटनास्थल पर गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला
पोस्टमार्टम में शरीर पर गोली का निशान नहीं, पुलिस ने जारी किया स्पष्टीकरण
गुरुग्राम, 9 अगस्त। फरुखनगर थाना क्षेत्र के गांव कारौला में 6 अगस्त को हुई सागर की हत्या के मामले में पुलिस जांच में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया है। पुलिस ने रविवार को स्पष्ट किया कि सागर की मौत गोली लगने से नहीं, बल्कि चाकू लगने से हुई थी।
गुरुग्राम पुलिस की ओर से 9 अगस्त को जारी प्रेस नोट के अनुसार, घटना के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की थी, लेकिन टीम को वहां गोली चलने का कोई साक्ष्य नहीं मिला।
पुलिस के मुताबिक, मृतक सागर के पोस्टमार्टम के बाद यह तथ्य सामने आया कि उसकी मौत चाकू लगने के कारण हुई। मृतक के शरीर पर भी गोली लगने का कोई निशान नहीं पाया गया है।
पहले गोली लगने से मौत की दी गई थी जानकारी
उल्लेखनीय है कि पुलिस की ओर से 8 अगस्त को जारी प्रेस नोट में बताया गया था कि झगड़े के दौरान एक आरोपी द्वारा सागर पर कथित रूप से गोली चलाई गई और गंभीर चोट आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। उसी मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने और वारदात में इस्तेमाल एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद करने की जानकारी भी दी थी।
अब सीन ऑफ क्राइम टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि घटनास्थल पर गोली चलने का साक्ष्य नहीं मिला और सागर की मृत्यु चाकू लगने से हुई है।
मामले की पुलिस जांच जारी है।








