हर घर तिरंगा : गुरुग्राम जिला में आगामी 17 अगस्त तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम : डीसी उत्तम सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

13 व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत गुरुग्राम में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

तिरंगा रैली, तिरंगा सेल्फी प्वाइंट, प्रदर्शनी व तिरंगा सजावट सहित होंगे विभिन्न आयोजन

गुरुग्राम, 9 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुग्राम जिले में आगामी 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह अभियान 150 वर्ष की “वंदे मातरम्” की गौरवपूर्ण यात्रा के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का हिस्सा है। अभियान का उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देना है। डीसी उत्तम सिंह ने अभियान को सफल बनाने के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय करने के उपरांत यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिला मुख्यालय के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। शॉपिंग मॉल, सिटी पार्क, रेलवे स्टेशन, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तिरंगा एवं वंदे मातरम् थीम पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा जिला में चार स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की विकास यात्रा पर आधारित लघु सचिवालय सहित चार स्थानों पर प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट लगाए जाएंगे। वहीं ब्लॉक एवं पंचायत स्तर पर भी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। अभियान में ग्रामीण क्षेत्र में गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए डीडीपीओ को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। जिला में एडीसी सोनू भट्ट को इस पूरे अभियान का ओवर ऑल इंचार्ज बनाया गया है।

12 अगस्त को निकलेगी तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली

डीसी ने बताया कि 12 अगस्त को गुरुग्राम में तिरंगा बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। रैली का रूट नेहरू स्टेडियम, गुरुग्राम से राजीव चौक होते हुए पुनः नेहरू स्टेडियम तक रहेगा। रैली में खिलाड़ी, एनसीसी, एनएसएस, युवा क्लब, आरडब्ल्यूए, एनजीओ, विद्यार्थी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सरकारी अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे। रैली के शुभारंभ पर सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन भी किया जा सकता है।

प्रमुख स्थानों पर बनाए जाएंगे तिरंगा सेल्फी प्वाइंट

डीसी ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर तथा सोहना व पटौदी-जटौली मंडी क्षेत्र में प्रमुख स्थानों पर तिरंगा सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। नागरिकों को इन प्वाइंट पर तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा अभियान की वेबसाइट https://harghartiranga.com पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल और वेबसाइट पर भी अभियान से संबंधित लिंक को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।

सरकारी भवनों व प्रमुख परिसंपत्तियों पर होगी तिरंगा सजावट

उन्होंने बताया कि जिले में पुल, सरकारी भवन, अस्पताल, स्कूल एवं अन्य प्रमुख सरकारी परिसंपत्तियों पर तिरंगा रोशनी एवं सजावट की जाएगी। स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर “वंदे मातरम्” थीम पर बड़े आकार की तिरंगा रंगोली भी बनाई जाएगी।

नागरिकों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय ध्वज बिक्री केंद्र

डीसी ने बताया कि जिला परिषद द्वारा लघु सचिवालय, गुरुग्राम के ग्राउंड फ्लोर पर स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय विक्रेताओं के बिक्री केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां से नागरिक उचित मूल्य पर राष्ट्रीय ध्वज खरीद सकेंगे। वहीं बीपीएल परिवारों के लिए आवश्यक राष्ट्रीय ध्वज की व्यवस्था कर उन्हें उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से वितरित किया जाएगा।

गुरुग्राम में 14 अगस्त को होगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस राज्य स्तरीय कार्यक्रम

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि 13 व 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गुरुग्राम के महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क (लेजर वैली) की पार्किंग में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका की स्मृति में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इससे पहले स्कूल एवं कॉलेज विद्यार्थियों की ऑनलाइन भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। माई जीओवी पोर्टल पर क्विज, भाषण, चर्चा, प्रदर्शनी एवं डॉक्यूमेंट्री सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में विभाजन से संबंधित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विभाजन से प्रभावित लोगों की सूची तैयार कर उनके प्रेरणादायी अनुभवों एवं स्मृतियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में ऐसे लोगों को आमंत्रित कर उनके अनुभव सुने जाएंगे तथा कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन भी रखा जाएगा।

अधिकारी सुनिश्चित करें व्यापक जनभागीदारी : डीसी

डीसी उत्तम सिंह ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि हर घर तिरंगा अभियान एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज और देश के गौरव से भावनात्मक रूप से जोड़ना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी, व्यापक प्रचार-प्रसार, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं तथा यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

डीसी ने जिलावासियों से की अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

डीसी ने गुरुग्राम जिलावासियों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और अपने घरों, संस्थानों तथा प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति की भावना को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही यह अभियान एक व्यापक जन-अभियान का रूप लेगा। साथ ही अपनी फोटो हर घर तिरंगा पोर्टल पर भी अपलोड करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!