गांव कारौला में सागर की हत्या के मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और गोली चलाने का आरोप, रोहतक के आजादगढ़ से दबोचे आरोपी
वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो बरामद, फर्रूखनगर अपराध शाखा की कार्रवाई

गुरुग्राम, 8 अगस्त। गांव कारौला में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और गोली चलाकर सागर नामक युवक की हत्या के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा फर्रूखनगर की टीम ने आरोपियों को शनिवार को आजादगढ़, रोहतक से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है।

3 अगस्त की कहासुनी से शुरू हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त को थाना फर्रूखनगर को गांव कारौला में मारपीट और गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका है। अस्पताल पहुंचने पर पुलिस को सागर की गोली लगने से मौत होने और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की जानकारी मिली।

घायल शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 3 अगस्त को वह अपने भाई होशियार के साथ अपनी रेंटल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव का सचेत नामक युवक वहां आया और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद सचेत ने अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के परिजनों के साथ मारपीट की।

बेंगलुरु से आया था सागर, रास्ते में किया पीछा

पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त को शिकायतकर्ता का दूसरा भाई सागर, जो बेंगलुरु में काम करता था, पटौदी बस स्टैंड पहुंचा था। शिकायतकर्ता उसे लेकर घर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में कार सवार कुछ लोगों ने उनका पीछा किया।

दोनों के घर पहुंचने के बाद हथियारों से लैस आरोपी कथित तौर पर घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान जान से मारने की नीयत से गोली चलाई गई, जो सागर को लगी। गंभीर रूप से घायल सागर को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मारपीट में शिकायतकर्ता को भी गंभीर चोटें आईं। उसकी शिकायत पर थाना फर्रूखनगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

आजादगढ़ से पकड़े गए नौ आरोपी

अपराध शाखा फर्रूखनगर ने जांच के दौरान 8 अगस्त को आजादगढ़, रोहतक से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम निवासी भाभेवा, झज्जर; साहिल निवासी चिमनी, झज्जर; गौतम निवासी धनाना, सोनीपत; सचेत उर्फ मुन्ना निवासी कारौला, गुरुग्राम; विनय कुमार निवासी मेहराना, झज्जर; सुनील उर्फ अभिषेक उर्फ खोटा निवासी खिलौड़, सोनीपत; मंदीप उर्फ डिप्पी निवासी खिलौड़, सोनीपत; अश्वनी निवासी खिलौड़, सोनीपत तथा अनुश उर्फ चिनू निवासी सोनीपत के रूप में हुई है।

पुलिस का दावा—पूर्व नियोजित साजिश के तहत पहुंचे थे आरोपी

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सचेत उर्फ मुन्ना की शिकायतकर्ता पक्ष से रंजिश थी। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपने साथियों को एकत्र किया और कई वाहनों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे।

आरोप है कि हमलावर हथियारों और लाठियों से लैस थे तथा उन्होंने घर में घुसकर शिकायतकर्ता और उसके भाई सागर के साथ मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने कथित रूप से सागर पर गोली चलाई, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी सचेत के खिलाफ चोरी का सामान रखने अथवा खरीदने से संबंधित एक मामला पटौदी में दर्ज है, जबकि आरोपी सुनील के खिलाफ चोरी का एक मामला रोहतक में दर्ज है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!