रेणु डाबला को मिली वाइस चेयरपर्सन की जिम्मेदारी, सरकार ने जारी की अधिसूचना
चंडीगढ़, 8 अगस्त। हरियाणा सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग में चेयरपर्सन और वाइस चेयरपर्सन की नियुक्ति कर दी है। सरकार ने बंतो कटारिया, पंचकूला को आयोग की चेयरपर्सन, जबकि रेणु डाबला को वाइस चेयरपर्सन नियुक्त किया है। इस संबंध में सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग ने शनिवार को अधिसूचना जारी की।
विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ये नियुक्तियां हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग अधिनियम, 2018 की धारा 3 की उपधारा (2) के खंड (ए) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए की गई हैं।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति से संबंधित सेवा शर्तें एवं अन्य नियम अलग से जारी किए जाएंगे। इसके लिए पूर्व में ऐसी नियुक्तियों पर लागू प्रावधानों का पालन किया जाएगा।
यह अधिसूचना हरियाणा सरकार के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा की ओर से जारी की गई है। अधिसूचना को हरियाणा सरकार के असाधारण राजपत्र में प्रकाशित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बंतो कटारिया को अहम जिम्मेदारी
बंतो कटारिया को राज्य अनुसूचित जाति आयोग की कमान सौंपे जाने के साथ ही आयोग में शीर्ष स्तर की नियुक्तियां पूरी हो गई हैं। आयोग अनुसूचित जाति वर्ग से जुड़े अधिकारों, शिकायतों और कल्याण संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।






