तिरंगा यात्रा, स्वच्छता अभियान और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जिले में दिखेगा राष्ट्रभक्ति का उत्साह
गुरुग्राम, 08 अगस्त। डीसी उत्तम सिंह ने जिलावासियों का आह्वान किया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में आज से शुरू होने जा रहे “हर घर तिरंगा” अभियान को उत्साहपूर्वक अपनाते हुए प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल हमारी आन-बान-शान का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता, गौरव और राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों की भावना को भी अभिव्यक्त करता है। ऐसे में हर गुरुग्रामवासी अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर तिरंगा फहराकर इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बने।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने जुड़ाव को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। इस अभियान से विशेष रूप से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होगी और बच्चों एवं युवाओं को देश की स्वतंत्रता तथा उसके लिए किए गए बलिदानों से प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जब जिले के प्रत्येक क्षेत्र में घर-घर तिरंगा लहराएगा तो निश्चित रूप से पूरा गुरुग्राम देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आएगा।
उन्होंने बताया कि “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिला प्रशासन द्वारा ग्राम पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें पैदल, साईकिल तथा बाइक तिरंगा यात्राओं के साथ-साथ स्वच्छता अभियान, पोस्टर निर्माण, निबंध लेखन और अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को अभियान से जोड़ने के साथ ही स्वच्छता, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा। डीसी ने कहा कि तिरंगा देश के प्रत्येक नागरिक को एकता के सूत्र में पिरोने का कार्य करता है। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान हमारी राष्ट्रीय एकजुटता और देश के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही यह अभियान व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप लेगा।
डीसी उत्तम सिंह ने स्वयंसेवी संस्थाओं, गैर सरकारी संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों, चुने हुए जनप्रतिनिधियों तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों सहित समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक सामूहिक श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता गतिविधियों में भाग लें, अपने घर, दुकान एवं कार्यालय पर तिरंगा फहराएं तथा तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर उसे https://harghartiranga.com पर अपलोड करें। इसके साथ ही #HarGharTiranga2026 हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीरें और अभियान से जुड़ी गतिविधियां साझा करें, ताकि राष्ट्रभक्ति का यह संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
डीसी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और राष्ट्र की एकता व अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का भी अवसर है। उन्होंने सभी गुरुग्रामवासियों से अपील की कि वे पूरे उत्साह के साथ “हर घर तिरंगा” अभियान में शामिल होकर इसे जिले का एक यादगार राष्ट्रीय उत्सव बनाएं।







