सेक्टर-51 में बेसमेंट खुदाई के दौरान उत्पन्न हुई सुरक्षा स्थिति पर एमसीजी की त्वरित कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारी बारिश के बीच सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची निगम की टीम, इंजीनियरिंग संसाधन किए तैनात, अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 8 अगस्त। शुक्रवार को हुई भारी बारिश के दौरान सेक्टर-51 में निजी प्लॉट पर बेसमेंट की खुदाई किए जाने से उत्पन्न सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी स्थिति की सूचना मिलते ही नगर निगम गुरुग्राम की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा एवं तकनीकी कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

सूचना मिलने के बाद कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार, सहायक अभियंता मनोज अहलावत व जेई नीरज यादव तुरंत ही मौके पर पहुंचे। एमसीजी द्वारा आवश्यक संसाधन एवं मशीनरी मौके पर तैनात की गई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई। मौके पर निगम की इंजीनियरिंग टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे तथा स्थिति की लगातार निगरानी की गई। त्वरित कार्रवाई के चलते मौके पर उत्पन्न सुरक्षा संबंधी स्थिति को नियंत्रित किया गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं। सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थिति की जानकारी डिजास्टर मैनेजमेंट टीम को भी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस को भी मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने यातायात प्रबंधन के साथ-साथ मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया।

नगर निगम की ओर से स्पष्ट किया गया कि सार्वजनिक सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के दौरान इस प्रकार के खुदाई कार्य प्रतिबंधित हैं। सेक्टर-51 में निजी प्लॉट मालिक द्वारा बेसमेंट की खुदाई का कार्य किया जा रहा था, जिसके कारण सुरक्षा संबंधी स्थिति उत्पन्न हुई। एमसीजी द्वारा मौके पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया है। नियमों एवं निर्देशों के अनुसार संबंधित प्लॉट मालिक के विरुद्ध आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार का ऐसा निर्माण अथवा खुदाई कार्य न किया जाए, जिससे आसपास के लोगों, यातायात या सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा प्रभावित हो।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!