एमसीजी ने निभाई मानवीय जिम्मेदारी, जलभराव में फंसे स्कूली बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित निकाला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फुटप्रिंट्स स्कूल में बारिश के बीच तत्काल पहुंची टीम एमसीजी, वार्ड-7 पार्षद दिनेश दहिया के सहयोग से बच्चों को अभिभावकों तक सुरक्षित पहुंचाया

गुरुग्राम, 7 अगस्त। गुरुग्राम में शुक्रवार को हुई भारी बारिश के दौरान नगर निगम गुरुग्राम ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए धनवापुर रोड स्थित फुटप्रिंट्स स्कूल में जलभराव के कारण फंसे स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। एमसीजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जिसके बाद उन्हें उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया। साथ ही जलनिकासी भी तेजी से कराई गई।

भारी वर्षा के कारण स्कूल के आसपास जलभराव हो गया था, जिससे बच्चे और शिक्षक स्कूल परिसर से बाहर नहीं निकल पा रहे थे। वहीं, जलभराव के चलते अभिभावक भी अपने बच्चों को लेने के लिए स्कूल तक नहीं पहुंच पा रहे थे। स्कूल प्रबंधन ने एमसीजी मानसून हेल्पलाइन नंबर 9821395354 पर सूचना दी। स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर निगम गुरुग्राम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया के नेतृत्व में एमसीजी की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र कुमार एवं अन्य कर्मचारियों ने राहत कार्य संभाला। वार्ड-7 के पार्षद दिनेश दहिया ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे अभियान में सक्रिय सहयोग दिया और स्थानीय स्तर पर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया।

एमसीजी की टीम ने सुरक्षित वाहनों की व्यवस्था कर बच्चों और शिक्षकों को जलभराव वाले क्षेत्र से बाहर निकाला तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। इसके बाद सभी बच्चों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया। पूरे अभियान के दौरान बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई।

अतिरिक्त निगमायुक्त कुशल कटारिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए हर समय तत्पर है। जैसे ही सूचना मिली, हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और प्राथमिकता के आधार पर बच्चों एवं शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य किया। आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

वार्ड-7 पार्षद दिनेश दहिया ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण थी। नगर निगम की टीम ने पूरी संवेदनशीलता और तेजी से कार्य करते हुए सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहनीय कार्य किया, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि मानसून के दौरान सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए टीमें पूरी तरह तैयार हैं। टीम एमसीजी का उद्देश्य केवल जल निकासी तक सीमित नहीं है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!