गुरुग्राम में सोमवार से जीएमडीए चलाएगा व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*जीएमडीए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले राइट ऑफ वे से अतिक्रमण हटाने के लिए 36 अधिकारियों-कर्मचारियों की 12 टीमें गठित*

*गुरुग्राम, 7 अगस्त:* गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा के निर्देशानुसार, शहर में जीएमडीए के अधिकार क्षेत्र में आने वाले राइट ऑफ वे (आरओडब्लयू) से अतिक्रमण हटाने के लिए सोमवार से व्यापक अभियान शुरू किया जाएगा।

इस अभियान के लिए कुल 12 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 36 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। प्रत्येक टीम में तीन सदस्य होंगे, जिसमें जीएमडीए के प्रवर्तन, इंफ्रा-1 एवं इंफ्रा-2 डिवीजनों के कनिष्ठ अभियंता तथा नगर निगम मानेसर के कनिष्ठ अभियंता शामिल होंगे। अभियान का नेतृत्व जीएमडीए के डीटीपी प्रवर्तन श्री आर.एस. बाठ करेंगे, जबकि जीएमडीए के सहायक नगर योजनाकार (एटीपी) अभियान की निगरानी करेंगे।

*आरओडब्लयू, सर्विस रोड, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ से हटाया जाएगा अतिक्रमण*

अभियान के तहत जीएमडीए के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सेक्टर डिवाइडिंग सड़कों के ROW में शामिल कैरिजवे, ग्रीन बेल्ट, सर्विस रोड और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी दोनों प्रकार के अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि और आरओडब्लयू को उनके निर्धारित उपयोग के लिए पुनर्स्थापित करना, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना तथा पैदल यात्रियों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करना है।

*अतिक्रमणों की निगरानी के लिए तैयार होगा विस्तृत डेटाबेस*

अभियान की प्रभावी एवं पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा अतिक्रमणों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्रवार डेटाबेस बनाया जाएगा, जिसमें अतिक्रमण की स्थिति, प्रवर्तन टीम द्वारा की गई कार्रवाई तथा कार्रवाई के बाद संबंधित स्थल की स्थिति दर्ज की जाएगी।

जीएमडीए की टीमें इस रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट करेंगी और प्रतिदिन इसकी निगरानी की जाएगी, जिससे अभियान की प्रगति का लगातार आकलन किया जा सकेगा।

*सर्वेक्षण शुरू, 24 घंटे में अतिक्रमणों की स्थिति होगी मैप*

मुख्य कार्यकारी अधिकारी के निर्देशों के बाद जीएमडीए की फील्ड टीमें पहले ही विभिन्न क्षेत्रों में सर्वेक्षण कर जीएमडीए के आरओडब्लयू पर मौजूद अतिक्रमणों का आकलन कर रही हैं। चिन्हित क्षेत्रों में अतिक्रमणों की स्थिति को 24 घंटे के भीतर मैप करने का लक्ष्य रखा गया है।

डीटीपी प्रवर्तन जीएमडीए श्री आर.एस. बाठ द्वारा ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड, साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तथा सेक्टर 4, 7 और 9 के आसपास के क्षेत्रों सहित कई स्थानों का व्यक्तिगत निरीक्षण किया गया है। इन क्षेत्रों में सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर काफी संख्या में अतिक्रमण पाए गए हैं।

*सार्वजनिक नोटिस एवं जागरूकता अभियान जारी*

निवासियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों को जागरूक करने तथा उन्हें स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर देने के लिए जीएमडीए द्वारा विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक नोटिस पहले ही जारी किए जा चुके हैं। चिन्हित क्षेत्रों में जीएमडीए की भूमि एवं आरओडब्लयू को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए सार्वजनिक घोषणाएं भी शुरू कर दी गई हैं।

अभियान के पहले चरण में ओल्ड गुरुग्राम पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमणों के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा ने कहा कि यह अभियान शहर की समग्र व्यवस्था को बेहतर बनाने, सार्वजनिक स्थानों को उनके मूल स्वरूप में बहाल करने और यातायात के सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने शहरवासियों, दुकानदारों एवं अन्य संबंधित हितधारकों से जीएमडीए की भूमि एवं आरओडब्लयू पर किए गए अतिक्रमणों को स्वयं हटाने तथा प्राधिकरण की कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखते हुए उसका उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप सुनिश्चित किया जा सके।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!