8 अगस्त को सोनीपत में कांग्रेस की एसआईआर पर राज्यस्तरीय कार्यशाला, संगठनात्मक समीक्षा को भी मिलेगी नई गति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी बनाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर रहेगा फोकस — राव नरेंद्र सिंह

चंडीगढ़, 6 अगस्त । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार हरियाणा में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के संबंध में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 08 अगस्त, 2026 को सोनीपत में एक दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

हरियाणा में पार्टी मामलों के प्रभारी श्री संजय दत्त की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह करेंगे, जबकि इसका उद्घाटन हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे।

कार्यशाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सांसद कुमारी सैलजा, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं सांसद श्री रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी सदस्य एवं सांसद श्री दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के विषय-विशेषज्ञ एसआईआर अभियान से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार एवं मार्गदर्शन देंगे।

यह जानकारी देते हुए हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यशाला में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष, राज्य स्तरीय एसआईआर समिति के सदस्य, सांसद, विधायक, सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, पिछले लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रत्याशी, बीएलए-1, तथा अग्रणी संगठनों एवं विभागों के प्रदेश स्तरीय प्रमुख भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यशाला में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को अधिक प्रभावी बनाने, प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने तथा बूथ स्तर पर पार्टी की सक्रिय भागीदारी, समन्वय और निगरानी को सुदृढ़ करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके अतिरिक्त बीएलए-1 और बीएलए-2 की भूमिका, संगठनात्मक समन्वय, मतदाता सूची के परीक्षण एवं संशोधन की प्रक्रिया तथा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इसके साथ ही संगठन को अधिक सक्रिय, जवाबदेह एवं नियमित रूप से कार्यशील बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस द्वारा सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच अपनी मासिक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करें। इसके उपरांत संबंधित जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की समीक्षा बैठक आयोजित करेंगे तथा उसकी विस्तृत रिपोर्ट हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रेषित करेंगे, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित निगरानी, समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। कांग्रेस पार्टी का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला न केवल एसआईआर अभियान को अधिक प्रभावी बनाएगी, बल्कि संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!