वर्षा जल का हो रहा प्रभावी संचयन, भूजल स्तर बढ़ाने की दिशा में एमसीजी की पहल को मिली नागरिकों की सराहना
गुरुग्राम, 5 अगस्त। जल संरक्षण को बढ़ावा देने और वर्षा जल के अधिकतम उपयोग के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा वार्ड 25 में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम मानसून के दौरान सफलतापूर्वक कार्य कर रहे हैं। हाल ही में हुई बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में वर्षा जल का प्रभावी संचयन किया गया, जिससे भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिल रहा है। यह पहल गुरुग्राम को जल-सुरक्षित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के सफल संचालन से वर्षा जल का संरक्षण सुनिश्चित हो रहा है, जिससे एक ओर पानी की बर्बादी रुक रही है तो दूसरी ओर भूजल स्तर को बेहतर बनाने में भी सहायता मिल रही है। नगर निगम की इस पहल से यह संदेश भी जा रहा है कि यदि वर्षा जल का वैज्ञानिक तरीके से संचयन किया जाए तो भविष्य में जल संकट से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
इस कार्य को देखकर स्थानीय नागरिकों रामानंद यादव, हंसराज व अन्य ने नगर निगम गुरुग्राम की पहल की सराहना करते हुए टीम एमसीजी एवं वार्ड पार्षद अनूप सिंह का आभार व्यक्त किया। नागरिकों ने कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों एवं सरकारी परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को प्रभावी बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक वर्षा जल को भूजल में परिवर्तित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। यदि प्रत्येक संस्थान, आवासीय परिसर और नागरिक अपने स्तर पर वर्षा जल संचयन को अपनाएं, तो गुरुग्राम को जल संरक्षण के क्षेत्र में एक आदर्श शहर बनाया जा सकता है। शहरवासियों से भी अपील है कि वे अपने घरों, संस्थानों एवं व्यावसायिक परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित कर वर्षा जल का संरक्षण करें और जल बचाने के इस अभियान में सहभागी बनें। “हर बूंद कीमती है” के संदेश के साथ नगर निगम गुरुग्राम भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने हेतु निरंतर कार्य कर रहा है।
पार्षद अनूप सिंह ने कहा कि नगर निगम द्वारा वार्ड 25 में 8 स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किये गए हैं, जिनकी कुल क्षमता 10.50 लाख लीटर पानी की है। ये आरडब्ल्यूएच सेक्टर -17ए, बी और सी तथा सेक्टर 14 में हैं। उन्होंने कहा कि एक अनुमान के अनुसार मंगलवार को हुई बारिश के दौरान वार्ड 25 में स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के जरिए 25 से 30 लाख लीटर पानी रिचार्ज करने में सफलता मिली है।इनका सफल संचालन जल संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल है। वर्षा जल का प्रभावी संचयन न केवल भूजल स्तर को बढ़ाने में सहायक होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मैं नगर निगम गुरुग्राम और पूरी टीम का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने इस परियोजना को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया। मेरा सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे भी अपने घरों, संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अपनाकर जल संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।









