पीड़ित परिवार से मिलीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी व कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, पुलिस आयुक्त से मिलकर सभी स्कूलों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग

फरीदाबाद, 4 अगस्त। सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका संध्या की दिनदहाड़े चाकुओं से गोदकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे जिले को स्तब्ध कर दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी, फरीदाबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक के साथ पीड़ित परिवार के निवास फिरोजपुर कलां पहुंचीं और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी तथा न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने स्कूल पहुंचकर घटनास्थल का भी निरीक्षण किया।
इसके उपरांत पर्ल चौधरी और बलजीत कौशिक ने फरीदाबाद के पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रवेश व्यवस्था को अधिक सख्त बनाने, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी करने तथा प्रशिक्षित सुरक्षा कर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा शासन में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले विद्यालय में इस प्रकार की जघन्य हत्या सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर विफलता को उजागर करती है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषी को ऐसी कठोर सजा दिलाने की मांग की जो भविष्य में ऐसे अपराधियों के लिए कड़ा संदेश बने।
पर्ल चौधरी ने सवाल उठाया कि जब स्कूल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है, तो आरोपी वारदात को अंजाम देकर कैसे फरार हो गया। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो जाए तो यह कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
फरीदाबाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि यह नृशंस हत्याकांड पूरे समाज को झकझोर देने वाला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी ने शिक्षिका संध्या पर चाकू से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि स्कूल जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में भय का वातावरण पैदा कर दिया है तथा पूरे क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।
पर्ल चौधरी और बलजीत कौशिक ने कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही राज्य सरकार को सभी शिक्षण संस्थानों में सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा कर आवश्यक सुधार तत्काल लागू करने चाहिए, ताकि शिक्षक, विद्यार्थी और कर्मचारी सुरक्षित वातावरण में कार्य एवं अध्ययन कर सकें।
इस अवसर पर विनोद वर्मा, सुनीता फागना, गजना लांबा, अश्वनी कौशिक, संदीप वर्मा, मनीष बौद्ध, जुबेर खान सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








