भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रतिदिन होगी जनसुनवाई, कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पदाधिकारियों की ड्यूटी तय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

6 से 22 अगस्त तक रोजाना सुबह 10 से शाम 4 बजे तक पंचकमल में मौजूद रहेंगे प्रदेश उपाध्यक्ष व मंत्री

गुरुग्राम, 4 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याओं के नियमित निवारण तथा संगठन और जनता के बीच निरंतर संवाद को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के निर्देशानुसार पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में प्रतिदिन एक प्रदेश उपाध्यक्ष अथवा प्रदेश मंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। प्रदेश कार्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित पदाधिकारी प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा आमजन अपनी सामाजिक, स्थानीय एवं संगठनात्मक समस्याओं को लेकर संबंधित पदाधिकारी से मुलाकात कर सकेंगे।

भाजपा की इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनना, जनसरोकारों से जुड़े विषयों को समझना तथा संबंधित स्तर पर उनके समाधान के लिए आवश्यक समन्वय करना है। इससे प्रदेश कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों को अपनी बात रखने के लिए नियमित मंच उपलब्ध होगा।

इन पदाधिकारियों की रहेगी जिम्मेदारी

जारी कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री रवि बतान, 7 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अशोक गुर्जर, 8 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्रीमती मीना चौहान, 9 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्री दीपक मंगला, तथा 10 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक श्रीमती लतिका शर्मा जनसुनवाई के लिए प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। इसी क्रम में 11 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री जवाहर सैनी, 12 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद श्रीमती सुनीता दुग्गल, 13 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रविन्द्र बलियाला, 14 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री मदन चौहान, 15 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री हरविन्द्र कोहली, 16 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री अमरपाल राणा तथा 17 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्रीमती प्रतिभा सुमन की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

वहीं 18 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष श्री भव्य बिश्नोई, 19 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री नागेन्द्र शर्मा, 20 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्री विकास दहिया, 21 अगस्त को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री लक्ष्मण यादव तथा 22 अगस्त को प्रदेश मंत्री श्रीमती गुरप्रीत कौर प्रदेश कार्यालय में उपलब्ध रहेंगी।

भाजपा प्रदेश नेतृत्व का मानना है कि संगठन की मजबूती का आधार कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और जनसरोकारों से जुड़ाव है। प्रदेश कार्यालय में नियमित रूप से वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपलब्धता से ‘कार्यकर्ता से संवाद और जनसमस्याओं का समाधान’ की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता द्वारा निर्धारित यह व्यवस्था भाजपा के संगठन को सक्रिय, कार्यकर्ताओं के प्रति उत्तरदायी तथा आमजन के लिए सहज उपलब्ध रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं को अपनी बात सीधे प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं समन्वय भी सुनिश्चित हो सकेगा।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!