जनगणना कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
मैनपावर का आकलन कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश

गुरुग्राम, 4 अगस्त- एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जनगणना-2027 का दूसरा चरण अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनसंख्या से जुड़े सटीक आंकड़े ही भविष्य की विकास योजनाओं, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन तथा प्रभावी नीति निर्माण का आधार बनते हैं। इसलिए सभी संबंधित विभाग जनगणना के फेस-2 की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें। यह बात उन्होंने मंगलवार को विकास सदन में जनगणना-2027 के फेस-2 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
इससे पहले हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों एवं नगर निगम आयुक्तों के साथ बैठक कर जनगणना-2027 के दूसरे चरण के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके उपरांत एडीसी सोनू भट्ट ने जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के लिए आवश्यक मैनपावर का समय रहते आकलन किया जाए। जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी जनगणना कार्य में लगाई जानी है, उन्हें ऑनलाइन प्रशिक्षण शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई न आए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनगणना से संबंधित प्रत्येक गतिविधि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें।
बैठक में बताया गया कि डिस्ट्रिक्ट सेंसस हैंडबुक तैयार करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जिसे निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाएगा। एडीसी ने निर्देश दिए कि इस कार्य की नियमित समीक्षा की जाए तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह हैंडबुक जिले के सामाजिक, आर्थिक एवं प्रशासनिक आंकड़ों का महत्वपूर्ण दस्तावेज होगी, जिसका उपयोग भविष्य की विकास योजनाओं एवं नीति निर्माण में किया जाएगा।
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग पूर्व तैयारी रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें।
बैठक में सीटीएम ज्योति नागपाल, डीआरओ विजय यादव सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।









