विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज शुरू, युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

15 सितंबर तक चलेगी प्रतियोगिता, सभी प्रतिभागियों को मिलेगा डिजिटल ई-प्रमाण पत्र

चंडीगढ़, 3 अगस्त। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया है। MyGov के सहयोग से आयोजित यह राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन प्रतियोगिता 15 सितंबर, 2026 तक चलेगी। इसका उद्देश्य देश के विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम, लाखों लोगों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रीय एकता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में युवा, स्कूल एवं कॉलेज के विद्यार्थी तथा सभी भारतीय नागरिक निःशुल्क भाग ले सकते हैं। यह केवल एक ऑनलाइन क्विज नहीं, बल्कि देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय से युवाओं को परिचित कराने और उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा इतिहास के प्रति जागरूकता विकसित करने का एक सार्थक अभियान है।

उन्होंने सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि युवा पीढ़ी विभाजन की पीड़ा और उससे मिले राष्ट्रीय एकता के संदेश को समझ सके।

हरियाणा में “विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस” अभियान के अध्यक्ष बोधराज सिकरी ने भी युवाओं, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों से इस राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद रखना केवल इतिहास को जानना नहीं, बल्कि भविष्य में सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत बनाने का संकल्प भी है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।

प्रवक्ता ने बताया कि प्रतियोगिता पूरी तरह समयबद्ध ऑनलाइन होगी। सफलतापूर्वक भाग लेने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को MyGov की ओर से डिजिटल ई-प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी quiz.mygov.in पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!