नगर निगम मानेसर की प्रवर्तन शाखा की कार्रवाई, आयुक्त प्रदीप सिंह ने अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी
मानेसर, 29 जुलाई। नगर निगम मानेसर ने अवैध निर्माण एवं बिना अनुमति संचालित औद्योगिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान तेज करते हुए बुधवार को गांव नौरंगपुर स्थित एक अवैध रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट को सील कर दिया। निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित किसी भी आरएमसी प्लांट अथवा अन्य अवैध गतिविधि को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं एसडीओ शशिकांत के नेतृत्व में की गई। टीम में एसडीओ विकास शर्मा, जेई देवेंद्र कुमार, जयवीर यादव, मंदीप तथा नगर निगम की प्रवर्तन शाखा के अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्लांट के दस्तावेजों की जांच की। आवश्यक स्वीकृतियां एवं अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार प्लांट को सील कर दिया गया।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित आरएमसी प्लांट तथा अन्य नियम विरुद्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने निगम क्षेत्र में संचालित अन्य आरएमसी प्लांट संचालकों को भी निर्देश दिए कि वे अपने प्लांट संचालन से संबंधित सभी आवश्यक अनुमति, लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेज नगर निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें। यदि कोई प्लांट बिना अनुमति संचालित पाया गया तो उसके विरुद्ध भी सीलिंग सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








