कमला नेहरू पार्क में योग साधकों ने गुरु पूजन कर स्वस्थ जीवन, योग और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

गुरुग्राम, 29 जुलाई। कमला नेहरू पार्क में युवा योग संगठन द्वारा गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 2008 से प्रतिदिन निःशुल्क योग प्रशिक्षण दे रहे योगाचार्य जयप्रकाश गौतम का योग साधकों ने गुरु पूजन कर सम्मान किया। उन्हें पगड़ी पहनाई गई, मिष्ठान खिलाया गया तथा स्मृति-चिन्ह और उपहार भेंट कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 से 6 बजे तक नियमित योग एवं प्राणायाम सत्र से हुई। इसके बाद आयोजित गुरु सम्मान समारोह में संगठन के प्रवक्ता रमेश चुग और आनंद नागपाल ने कहा कि जयप्रकाश गौतम वर्षों से निस्वार्थ भाव से शहरवासियों को योग का प्रशिक्षण देकर स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

योग साधक भाई ब्रह्म प्रकाश और वीरेंद्र चौहान ने बताया कि योगगुरु प्रतिदिन सुबह 4:15 बजे पार्क पहुंचकर सभी व्यवस्थाएं स्वयं संभालते हैं तथा निर्धारित समय पर योगाभ्यास कराते हैं। योग सत्र के बाद भजन-संगीत और पार्क परिक्रमा के साथ कार्यक्रम का समापन होता है।
योग साधिका अंजू जायसवाल ने कहा कि गुरुदेव का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वस्थ और निरोग बनाना है। वहीं योग साधक राजकुमार ने बताया कि जयप्रकाश गौतम योग के साथ-साथ समय की पाबंदी, अनुशासन और कर्मयोग का भी संदेश देते हैं।

अपने संबोधन में योगाचार्य जयप्रकाश गौतम ने सभी को नियमित योग और प्राणायाम अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने शहरवासियों से अपने व्यस्त जीवन में से प्रतिदिन कुछ समय स्वास्थ्य के लिए निकालने की अपील की। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने, जल संरक्षण करने, पर्यावरण बचाने तथा स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।
आनंद नागपाल ने बताया कि युवा योग संगठन द्वारा प्रत्येक रविवार सुबह 8 से 10 बजे तक श्री सिद्धेश्वर मंदिर में भजन कार्यक्रम तथा प्रत्येक मंगलवार रात 8 से 10 बजे तक पांडुपोल हनुमान मंदिर, सिविल लाइंस में नियमित भजन संध्या का आयोजन भी वर्षों से किया जा रहा है।
गुरु पूजन समारोह में रमेश चुग, आनंद नागपाल, भाई ब्रह्म प्रकाश, वीरेंद्र चौहान, राजकुमार, बलजीत सिंह, मलखान सिंह यादव, बनवारी लाल शर्मा, महेश चंद्र, श्याम सुंदर, मोहित भारद्वाज, वीरेंद्र कटारिया, महावीर प्रसाद, वेद प्रकाश, राकेश शर्मा, अशोक कटारिया सहित बड़ी संख्या में योग साधकों ने भाग लिया। महिला साधिकाओं में अंजू जायसवाल, कविता संदूजा, कंचन, डिंपल चौहान, अनीता, प्रेमलता, लाडो, सुदेश कुमारी, प्रभा, गुंजन तथा अन्य श्रद्धालु भी समारोह में उपस्थित रहे।








