दोनों ओर 1.2-1.2 किमी सर्विस रोड के साथ बनेगा नया स्टॉर्म वाटर ड्रेन, यातायात होगा सुगम और जलभराव से मिलेगी राहत

गुरुग्राम, 29 जुलाई। न्यू गुरुग्राम में सड़क संपर्क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) सेक्टर-78 और 79 में ₹4.62 करोड़ की लागत से 2.4 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड नेटवर्क का निर्माण करेगा। परियोजना के तहत दोनों ओर 1.2-1.2 किलोमीटर लंबे सर्विस रोड बनाए जाएंगे। साथ ही वर्षा जल की त्वरित निकासी सुनिश्चित करने के लिए नया स्टॉर्म वाटर ड्रेन भी तैयार किया जाएगा, जिसे मास्टर ड्रेनेज नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी. सी. मीणा ने बताया कि नए सर्विस रोड सेक्टर की आंतरिक सड़कों को मुख्य कैरिजवे से जोड़ेंगे। इससे स्थानीय निवासियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी तथा मुख्य सड़क पर अनावश्यक यातायात का दबाव भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि आसपास के सेक्टरों के वाहनों के लिए अलग सर्विस रोड उपलब्ध होने से मुख्य कैरिजवे पर यातायात अधिक व्यवस्थित रहेगा और पूरे कॉरिडोर में वाहनों की आवाजाही सुरक्षित एवं सुचारु होगी।
परियोजना के तहत सर्विस रोड के साथ नया स्टॉर्म वाटर ड्रेन भी बनाया जाएगा। इसे मौजूदा मास्टर ड्रेनेज नेटवर्क से जोड़ने के बाद मानसून के दौरान वर्षा जल की तेज़ निकासी संभव होगी। इससे सर्विस रोड पर जलभराव नहीं होगा और भारी बारिश के दौरान भी यातायात प्रभावित नहीं होगा।
श्री मीणा ने बताया कि ₹4.62 करोड़ की इस परियोजना को 12 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इससे सेक्टर-78 और 79 के नियोजित विकास को गति मिलेगी तथा न्यू गुरुग्राम की सड़क एवं ड्रेनेज अवसंरचना और अधिक मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि जीएमडीए आधुनिक, सुरक्षित और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शहरी आधारभूत ढांचे के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके और शहर के दीर्घकालिक विकास को गति मिलती रहे।







