कारगिल विजय दिवस पर स्वतंत्रता सेनानी स्मारक में शहीदों को दी श्रद्धांजलि

गुरुग्राम, 26 जुलाई। हरियाणा के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों का अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों का राष्ट्र सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन अमर शहीदों को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से श्रद्धापूर्वक नमन करने का अवसर है।
राव नरबीर सिंह रविवार को स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति हरियाणा (गुरुग्राम) द्वारा कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्मारक एवं जिला वार मेमोरियल परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर कर्नल आर.के. शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री ने जिला वार मेमोरियल एवं स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी तथा दो मिनट का मौन रखकर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल ने राव नरबीर सिंह के समक्ष स्वतंत्रता सेनानी स्मारक के शेष विकास कार्य शीघ्र पूर्ण करवाने का अनुरोध किया। इस पर राव नरबीर सिंह ने आश्वासन दिया कि स्मारक से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे स्मारक नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इस अवसर पर सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान ने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम और कठिन परिस्थितियों में प्राप्त ऐतिहासिक विजय का उल्लेख करते हुए शहीदों के बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल, मास्टर मातादीन यादव, सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान, लालचंद रोहिल्ला, बनवारी लाल शर्मा, समरजीत सिंह, योगेश यादव कालियावास, बलजीत सरपंच, जगबीर सिंह सुखराली, देवेंद्र श्योराण, अशोक गहलोत, कार्तिक गहलोत, राजेश मलिक, उमेश कुमार, प्रवीन यादव, राजबीर भाम्भू, प्रतीक पुनिया, शिवलाल पांवड़े सहित समिति के अनेक सदस्य, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








