पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम जन-जन को जोड़ने वाला राष्ट्रीय प्रेरणा मंच है: मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के चेयरमैन एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कार्यकर्ताओं के साथ सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम

पीएम मोदी का पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, प्लास्टिक मुक्त भारत और राष्ट्र प्रथम का संदेश हर नागरिक के लिए प्रेरणादायी: बड़ौली

चंडीगढ़, 26 जुलाई। हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज के चेयरमैन एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने रविवार को सोनीपत स्थित अपने कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम मन की बात को सुना। कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश को सकारात्मक सोच, सेवा, संस्कार, स्वावलंबन और जनभागीदारी से जोड़ने वाला राष्ट्रीय प्रेरणा मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर माह देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को देशवासियों के सामने लाकर यह विश्वास मजबूत करते हैं कि छोटे-छोटे सामूहिक प्रयास भी बड़े राष्ट्रीय परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता राज कुमार कटारिया, जिला महामंत्री तरूण देवीदास, अरूण चौहान, माईराम कौशिक, सागर चौपड़ा सहित कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देशवासियों का पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण, सामाजिक नवाचार और जनभागीदारी जैसे विषयों पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से सीतामढ़ी की अनूठी पहल का जिक्र करते हुए बताया कि सामूहिक प्रयासों से प्लास्टिक प्रदूषण जैसी गंभीर वैश्विक चुनौती का भी प्रभावी समाधान संभव है। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि सिंगल यूज प्लास्टिक केवल पर्यावरण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए भी बड़ा खतरा है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्षा के मद्देनज़र जल संचयन को भी राष्ट्रीय प्राथमिकता बताया। वर्षा के प्रत्येक बूंद का संरक्षण भविष्य की जल सुरक्षा का आधार है। उन्होंने कहा कि यदि समाज मिलकर जल संरक्षण के अभियान को जनआंदोलन बनाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार सेवा, संस्कार, स्वावलंबन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करते हैं तथा हर नागरिक को राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि आज का मन की बात कार्यक्रम कारगिल विजय दिवस के गौरवशाली अवसर पर देश के वीर सैनिकों को समर्पित भी रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि मां भारती की रक्षा के लिए उनका सर्वाेच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों का साहस, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति भारत की सबसे बड़ी राष्ट्रीय शक्ति है।

पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत सैन्य क्षमता, आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है। स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण, आधुनिक सैन्य तकनीक और रक्षा निर्यात में बढ़ती उपलब्धियां आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई मजबूती दे रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं और पर्यावरण संरक्षण, जल संचयन, स्वच्छता, सामाजिक नवाचार, जनभागीदारी तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!