धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की ऐतिहासिक जीत

भिवानी/चंडीगढ़, 26 जुलाई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार भिवानी में देशभर के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में रविवार को विशाल ‘विजय मार्च’ निकाला गया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं, छात्र-युवा साथियों और आमजन ने भाग लिया।
इस अवसर पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देश के छात्रों, युवाओं और लोकतांत्रिक संघर्ष की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि यह जीत उन लाखों विद्यार्थियों की आवाज़ की जीत है, जिन्होंने अपने अधिकारों और न्यायपूर्ण शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़कों तक लगातार मजबूती से उठाया। उनके दृढ़, निरंतर और निर्भीक नेतृत्व ने सरकार को जवाबदेह बनने के लिए मजबूर किया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह विजय मार्च केवल एक मंत्री के इस्तीफे का उत्सव नहीं, बल्कि देश के युवाओं की एकजुटता, लोकतंत्र की ताकत और न्याय की जीत का प्रतीक है। कांग्रेस पार्टी भविष्य में भी छात्रों, युवाओं और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी।
कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (शहरी) के अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ‘जोगी’ तथा जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (ग्रामीण) के अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने की। इस दौरान पूर्व सीपीएस राम किशन, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने छात्रों के संघर्ष और न्यायपूर्ण शिक्षा व्यवस्था के समर्थन में अपनी एकजुटता व्यक्त की।
कार्यक्रम के समापन पर राव नरेंद्र सिंह ने विजय मार्च को सफल बनाने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी भिवानी (शहरी) एवं भिवानी (ग्रामीण) की पूरी टीम, सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, मीडिया प्रतिनिधियों तथा भिवानी की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी निरंतर जारी रहेगा।








