सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 228 लोगों पर कानूनी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शहरभर में विशेष अभियान चलाकर बाजारों, पार्कों, मुख्य मार्गों और शराब के ठेकों के आसपास की गई जांच, भविष्य में भी सख्ती जारी रखने के निर्देश

गुरुग्राम, 26 जुलाई। गुरुग्राम पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए एक ही दिन में 228 लोगों के विरुद्ध निवारक कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन स्थापित करने तथा आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभिन्न पुलिस टीमों ने शहर के बाजारों, मुख्य मार्गों, पार्कों, शराब के ठेकों के आसपास तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते पाए गए 228 व्यक्तियों को काबू कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस जोन पूर्व से 78, पश्चिम से 73, दक्षिण से 48 तथा मानेसर पुलिस जोन से 29 व्यक्तियों को पकड़ा गया। सभी को संबंधित पुलिस थानों में ले जाकर नियमानुसार निवारक कानूनी कार्रवाई की गई।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं है, बल्कि इससे सार्वजनिक शांति और व्यवस्था भी प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में अक्सर हुड़दंग, झगड़े, मारपीट और अन्य अवांछनीय घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी कारण ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

पुलिस आयुक्त के निर्देशानुसार भविष्य में भी सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक स्थानों पर कानून का उल्लंघन कर आमजन की सुरक्षा और शांति भंग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

गुरुग्राम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करें और कानून का पालन करें। यदि कहीं इस प्रकार की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 या निकटतम पुलिस थाना अथवा पुलिस चौकी को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्रत्येक सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!