धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा देना देश के युवाओं और कांग्रेस के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत : वर्धन यादव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम। नीट पेपर लीक और व्यापक धांधली के मामले में चौतरफा घिरी केंद्र सरकार के केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष वर्धन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के करोड़ों युवाओं, परीक्षार्थियों और कांग्रेस पार्टी के अनवरत संघर्ष की बड़ी जीत करार दिया है। जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने अपने बयान में कहा कि पिछले लंबे समय से देश का भविष्य यानी हमारे युवा छात्र न्याय की गुहार लगा रहे थे। भीषण गर्मी और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद जंतर-मंतर से लेकर देश के कोने-कोने में छात्रों और उनके परिजनों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। लेकिन सरकार अपने अहंकार में चूर होकर इस गंभीर विषय को दबाने और अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों पर पुलिसिया लाठियाँ बरसाईं, उन्हें डराने-धमकाने और उन पर झूठे मुकदमे दर्ज करने का काम किया। लेकिन सत्य और न्याय की लड़ाई लड़ रहे युवाओं के बुलंद हौसलों के आगे आखिरकार तानाशाही सरकार को घुटने टेकने पड़े। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा यह साबित करता है कि लोकतंत्र में जनता और युवा शक्ति से बड़ा कोई नहीं है।

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने सडक़ से संसद तक लड़ी लड़ाई

वर्धन यादव ने कहा कि इस पूरे मामले में लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के युवाओं की आवाज को बेहद मजबूती और निर्भीकता से उठाया। राहुल गांधी पहले दिन से ही पीड़ित छात्रों के साथ खड़े रहे। उन्होंने न सिर्फ सडक़ पर उतरकर युवाओं का मनोबल बढ़ाया, बल्कि संसद के पटल पर भी सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए लगातार आंदोलन किया। यह राहुल गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व और जन-सरोकारों से जुड़ी राजनीति का ही सुखद परिणाम है कि आज सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा है।

केवल इस्तीफा काफी नहीं, सीबीआई जाँच और कठोर कार्रवाई की माँग

वर्धन यादव ने स्पष्ट किया कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा इस लड़ाई का पहला पड़ाव है, अंतिम परिणाम नहीं। जब तक देश के लाखों प्रभावित परीक्षार्थियों को पूर्ण न्याय नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस का यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने माँग रखी कि कि पूरे नीट घोटाले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जाँच होनी चाहिए। इस धांधली में शामिल बड़े माफियाओं और प्रशासनिक अधिकारियों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं ताकि किसी भी युवा के वर्षों की मेहनत पर पानी न फिरे। वर्धन यादव ने देश भर के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि एकजुटता से लड़ी गई लड़ाई में सत्य की जीत हमेशा सुनिश्चित होती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!