शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देश के युवाओं की जीत, सरकार को भी उखाड़ फेंकेंगे: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-नीट पेपर लीक पर आंदोलन रंग लाया, युवाओं ने सरकार को दिखाया आइना

गुरुग्राम। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने नीट पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को देश की जनता और आंदोलनरत छात्रों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं पर लाठियां बरसाकर और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर अपनी जीत समझ रही थी, आखिरकार सरकार को देश के आगे झुकना पड़ा।

कज डावर ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि जो सरकार बना सकते हैं वे सरकार हटाने का भी मादा रखते हैं। बड़े-बुजुर्गों के आशीर्वाद से आंदोलन में उतरे युवाओं ने इस सरकार को आइना दिखा दिया है। यह सिर्फ एक मंत्री का इस्तीफा नहीं है, यह जनभावनाओं की जीत है। पंकज डावर ने कहा कि नीट पेपर लीक के बाद पूरे देश के छात्र सडक़ों पर उतरे थे। छात्रों की मांग थी कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाई जाए। लेकिन भाजपा सरकार ने पहले तो आंदोलन को दबाने की कोशिश की। युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया, कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार को लगा था कि दमन से आंदोलन खत्म हो जाएगा। लेकिन देश के युवा और उनके परिवार झुके नहीं। आज उसी दबाव में आकर सरकार को शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेना पड़ा है। यह साबित करता है कि अन्याय के खिलाफ एकजुट आवाज की ताकत क्या होती है। कांग्रेस नेता ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा केवल शुरुआत है। पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों का भविष्य अंधकार में डाल दिया है। इसके लिए पूरी भाजपा सरकार जिम्मेदार है।

पंकज डावर ने कहा कि आज देश का युवा, किसान, महिला और आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से त्रस्त है। जिस तरह नीट के मुद्दे पर जनता एकजुट हुई और सरकार को झुकाया, उसी तरह अब वह दिन दूर नहीं जब देश की जनता एकजुट होकर इस अहंकारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। पंकज डावर ने आंदोलन में शामिल सभी युवाओं, अभिभावकों और बड़े-बुजुर्गों का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत उनके संघर्ष और एकजुटता का परिणाम है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!