गुरुग्राम। दिल्ली में पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुई कथित बर्बरता के विरोध में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अन्य नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुग्राम में हरियाणा युवा कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकालकर रोष प्रकट किया। हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में निकाला गया यह जुलूस भीम नगर चौक से शुरू होकर सेक्टर-4 और सेक्टर-7 चौक होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरा।
इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की।
प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि छात्रों के भविष्य और पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर आवाज उठाने वाले विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर भाजपा सरकार ने लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दीपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी पूरी तरह अलोकतांत्रिक है।
कटारिया ने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन भाजपा सरकार ने विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए कायरतापूर्ण कार्रवाई की है।
इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व दिल्ली प्रभारी खुशबु शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर जवाब देने के बजाय विरोध करने वालों को निशाना बना रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ किया गया कथित दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।
युवा कांग्रेस के प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव ने कहा कि युवा कांग्रेस इस कार्रवाई की घोर निंदा करती है और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रखेगी।
मशाल जुलूस के समापन पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई वापस लेने की मांग की। साथ ही भाजपा सरकार की इस कथित कायरतापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस प्रदर्शन मे मुख्यरूप से मौजूद रहे गाजेंदर चौहान, मोहित मालिक, तन्मय चौधरी, शुभम सैनी, अजय हूडडा, अमृत उल्लावास, विक्रम कटारिया, शिव प्रताप, गौतम यादव।








