हमें हाउस अरेस्ट कराकर हमारी आवाज को नहीं दबा सकती सरकार: पंकज डावर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-देशहित में हमारी सोच और विचारों पर सरकार नहीं लगा पाएगी पहरा

-सोनम वांगचुक की मांगों को कांगे्रस की ओर से है पूरा समर्थन

गुडग़ांव। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि हमें हाउस अरेस्ट कराकर सरकार हमारी आवाज को नहीं दबा सकती। देशहित में हमारी सोच और विचार और तेज होंगें। सरकार का कोई पहरा कामयाब नहीं हो पाएगा। कांगे्रस का सोनम वांगचुक की मांगों के लिए पूरा समर्थन है। हम देश में शिक्षा समेत हर क्षेत्रों में बेहतर व्यवस्था की मांग करते हैं।

पंकज डावर ने कहा कि सोनम वांगचुक के गुरुग्राम में मेदांता मेडिसिटी में शिफ्ट होने के बाद कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट कराकर भाजपा सरकार ने यह दिखा दिया है कि वह तानाशाही से काम कर रही है। वह कांग्रेस से डरी हुई है। कांग्रेस के 10 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को देर रात हाउस अरेस्ट करना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी की आग को बुझाने की बजाय और भडक़ाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों को डराने के लिए पुलिसिया कार्रवाई का सहारा ले रही है। जंतर-मंतर पर लाखों युवा शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने पहुंचे थे, लेकिन सरकार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर लाठीचार्ज कराया। यह सीधे-सीधे छात्रों और युवाओं की आवाज को कुचलने की कोशिश है।

उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की जायज मांगों को सुनने के बजाय उन्हें दबाना चाहती है। शिक्षा, रोजगार और लोकतंत्र के सवालों पर सरकार का रवैया हमेशा से नकारात्मक रहा है। आज पूरे देश में तानाशाही का माहौल है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोला है, इसलिए सरकार डरी हुई है। डावर ने कहा कि देश के नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। पेपर लीक, भर्ती में देरी और निजीकरण की वजह से सरकारी नौकरियां खत्म हो रही हैं। इसके बावजूद सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है।

डावर ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस सोनम वांगचुक की मांगों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। वांगचुक पिछले 25 दिनों से लद्दाख के मुद्दों और छात्रों के समर्थन में अनशन कर रहे हैं। हम देश में शिक्षा समेत हर क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था की मांग करते हैं। छात्रों को रोजगार, बेहतर शिक्षा और लोकतांत्रिक अधिकार मिलने चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों पर बात करने के बजाय आंदोलनकारियों को हाउस अरेस्ट और पुलिस की बैरिकेडिंग के पीछे धकेल रही है। पंकज डावर ने भाजपा सरकार को देश विरोधी और छात्र विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार युवा शक्ति की बात करती है, दूसरी तरफ जब युवा अपने भविष्य के लिए सडक़ पर उतरते हैं तो उन पर बल का प्रयोग किया जाता है। पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हाउस अरेस्ट से नहीं डरते। देश और संविधान के लिए हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक छात्रों और आम जनता को उनका हक नहीं मिल जाता।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!