भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस के रोहतक स्थित प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस पार्टी देश में अराजकता फैलाना चाहती है: डा. अर्चना गुप्ता

राहुल गांधी मौसमी नेता, केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखते हैं: डा. अर्चना गुप्ता

’पीएम आवास घेरने की कांग्रेस की कोशिश लोकतंत्र और सुरक्षा व्यवस्था पर हमला: डा. अर्चना गुप्ता

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोहतक में कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक निकाला आक्रोश मार्च

राहुल गांधी पर बरसीं प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता – युवाओं के नाम पर राजनीति बंद करें राहुल गांधी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोहतक में किया प्रदर्शन, काग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद के लगाए नारे

चंडीगढ़, 22 जुलाई। कांग्रेस पार्टी द्वारा देश में अराजकता फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर प्रदर्शन कर सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के विरोध में भाजपा ने बुधवार को रोहतक में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्रित हुए और वहां से अंबेडकर चौक होते हुए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला।

कार्यकर्ताओं ने पूरे रास्ते कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, राहुल गांधी मुर्दाबाद, अराजकता और टकराव की कुटिल राजनीति नहीं चलेगी, नहीं चलेगी, विदेश में भारत को बदनाम करने वाले राहुल गांधी हाय-हाय, राहुल गांधी द्वारा विदेश में भारत का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के खूब नारे लगाए। रास्ते भर कार्यकर्ता झूठ बोलने वाली कांग्रेस फैक्टरी के मुखिया राहुल गांधी शर्म करो-शर्म करो, लोकतंत्र को बंधक बनाना बंद करो-बंद करो, कांग्रेस का हाथ अराजकता के साथ, लोकतंत्र का अपमान कांग्रेस की यही पहचान जैसे गगनभेदी नारे लगाते हुए कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय पर पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय के बाहर भाजपा नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर राहुल गांधी और कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं और देश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रधानमंत्री के निवास पर प्रदर्शन करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।

प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नीट परीक्षा को लेकर मामला सामने आया था, तब राहुल गांधी 24 दिनों तक विदेश में छुट्टी मनाने चले गए। संसद शुरू हुई तो विदेश की ठंडी हवा खाकर अचानक आ धमके। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सकारात्मक चर्चा करने की बजाए प्रधानमंत्री के आवास पर चोरी छिपे पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं जो निदंनीय है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को पेपर लीक पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। 2014 से पहले कई बार पेपर लीक हुए, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जैसे ही पेपर लीक का मामला सामने आया शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत एक्शन किया और ठीक तरीके से परीक्षाएं कराई। मोदी सरकार की नीतियों से विद्यार्थी खुश हैं और संतुष्ट हैं और एडमिशन लेकर अपनी पढ़ाई कर रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी को मौसमी नेता बताते हुए कहा कि वे केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पसीना बहाना नहीं आता। राहुल गांधी गिरफ्तारी देते हैं, चाय समोसा खाकर दो घंटे में घर चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भोले-भाले युवाओं को गुमराह कर उनके कंधों पर राजनीति की बंदूक रखना चाहते हैं, लेकिन आज का युवा जागरूक है और वह विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन की राजनीति के साथ खड़ा है।

डा. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी हत्या कांग्रेस ने की थी। राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला, नागरिक अधिकार छीने लिए और संविधान की भावना को कुचलने का काम किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपना इतिहास में झांक लेना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए हैं और बिना संघर्ष किए उन्हें सब कुछ विरासत में मिला है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद की गरिमा तक का ख्याल नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस तथ्य और तर्क के बजाय हंगामा करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि संसद जनता के टैक्स के पैसों से चलती है, जनहित के कानून बनते हैं, लेकिन कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर देशहित के मुद्दों को रोकने का प्रयास कर रही है।

डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को भारत की यह प्रगति अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। पूरा भारत कांग्रेस की करतूतों को देख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस की बची-खुची 99 सीटें भी नहीं रहेगी और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

राहुल गांधी लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने की साजिश में जुटे हैं: ओम प्रकाश धनखड़

भाजपा के प्रदेश सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। धनखड़ ने कहा कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास सत्ता के लिए संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से समझौता करने का रहा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी संविधान की भावना और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को भली-भांति समझ चुकी है और यही कारण है कि लगातार चुनावों में जनता भाजपा पर विश्वास जता रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे कांग्रेस के भ्रम फैलाने वाले अभियान का तथ्यों के आधार पर जवाब दें और केंद्र तथा हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।

कांग्रेस का चरित्र झूठ, भ्रम और राजनीतिक अवसरवाद का पर्याय बन चुका है: मनीष ग्रोवर

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय केवल झूठ फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार ऐसे बयान दे रहे हैं जिनका उद्देश्य देश में भ्रम और अविश्वास का माहौल बनाना है। जनता अब कांग्रेस की इस राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है।

ग्रोवर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रहित और विकास की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस समाज को बांटने और संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिलता, तब वह लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती है। यह लोकतंत्र का अपमान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और वैश्विक सम्मान के नए आयाम स्थापित किए हैं। वहीं हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कांग्रेस के झूठ और दुष्प्रचार का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा तथा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य और अधिक मजबूती से करेगा।

रोहतक स्थित कांग्रेस भवन का घेराव करने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता वहीं बैठ गए। धरने को पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेनू डाबला सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, रोहतक के जिला प्रभारी एडवोकेट विजयपाल, रोहतक के जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, झज्जर के जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जींद के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, गोहाना के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, रेवाड़ी की जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, भाजपा नेता नागेंद्र शर्मा, नरेंद्र वत्स, डॉ दिनेश घीलौड़, भाजपा नेता मुकेश गौड़ और अन्य जिला अध्यक्ष, जिला परिषद की चेयरमैन मंजू हुड्डा, जिला महामंत्री नितिन जैन, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल, पूर्व चेयरमैन प्रतिभा सुमन, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज हरिओम मित्तल भाली, जिला कोषाध्यक्ष अमित बंसल, ब्लॉकों के अध्यक्ष व मंडल अध्यक्षों सहित हजारों कार्यकर्ता व पदाधिकारी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!