विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के केवल दो दिन शेष, सभी पात्र मतदाता 24 जुलाई तक अवश्य जमा कराएं गणना प्रपत्र : जिला निर्वाचन अधिकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

70 प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त, अनुपस्थित, स्थानांतरित व मृत मतदाताओं की भी हो रही पहचान : डीसी उत्तम सिंह

गुरुग्राम, 22 जुलाई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान की अंतिम तिथि 24 जुलाई में अब केवल दो दिन शेष रह गए हैं। ऐसे में जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराया है, वे बिना किसी देरी के निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना प्रपत्र अवश्य जमा कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही एवं नवीनतम बना रहे।

डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में बीएलओ द्वारा कुल 15,55,034 गणना प्रपत्र मतदाताओं को वितरित किए गए थे। इनमें से अब तक 10,89,741 गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं, जो कुल वितरित प्रपत्रों का लगभग 70 प्रतिशत है तथा इन्हें डिजिटाइज्ड किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि अभी जिले में 5,472 गणना प्रपत्रों का सत्यापन (वेरिफिकेशन) लंबित है, जिसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग की टीमें युद्धस्तर पर कार्य कर रही हैं।

डीसी ने बताया कि अभियान के दौरान 4,59,821 ऐसे मतदाताओं की पहचान भी हुई है, जो या तो अनुपस्थित (एब्सेंट) हैं, स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित (शिफ्ट) हो चुके हैं, मृत हैं अथवा जिनके डुप्लीकेट मतदाता पंजीकरण पाए गए हैं। ऐसे सभी मामलों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, नवीनतम एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।

डीसी ने कहा कि सभी बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। इसके अलावा नागरिक स्वयं भी अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को जमा कर सकते हैं अथवा ईसीआईनेट के माध्यम से ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता की सहभागिता इस अभियान की सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।

डीसी उत्तम सिंह ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अंतिम समय की प्रतीक्षा न करें और 24 जुलाई से पहले अपना गणना प्रपत्र जमा कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा होने से मतदाता सूची अधिक सटीक, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनेगी तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!