— राष्ट्रीय ध्वज दिवस पर तिरंगा फहराकर दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश, परिवार संग पूर्णाहुति देकर लिया आशीर्वाद
गुरुग्राम। सर्व समाज के लोकप्रिय नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी जीएल शर्मा का जन्मदिन मंगलवार को श्रद्धा, सेवा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में परशुराम भवन में मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें जीएल शर्मा ने अपने परिवार के साथ पूर्णाहुति देकर सभी के सुख, समृद्धि और देश की उन्नति की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज दिवस के अवसर पर तिरंगा फहराकर की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता तथा सम्मान बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित हवन-यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने आहुति डालकर धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम ने आदर्श ब्राह्मण सभा के प्रधान आरपी कौशिक सहित सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।
हवन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने भंडारे में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों, शुभचिंतकों और स्थानीय नागरिकों ने जीएल शर्मा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सभी ने उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं समाजसेवा के प्रति समर्पित जीवन की कामना की।
जीएल शर्मा ने जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जन्मदिन केवल व्यक्तिगत खुशी का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि सेवा, संस्कार और राष्ट्रभक्ति ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान हैं और इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प सभी को लेना चाहिए।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रप्रेम का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने आयोजन को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।









