‘छात्रों की गूंज’ अब देशभर के युवाओं की आवाज़, पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था की मांग : कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 19 जुलाई। अखिल भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) द्वारा आयोजित “छात्रों की गूंज–छात्र संवाद” कार्यक्रम में सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य एवं उत्तराखंड की प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि आज देशभर के छात्र रोजगार, शिक्षा और परीक्षा प्रणाली से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों की इस आवाज़ को मजबूती से उठाया है और संसद से लेकर सड़क तक छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ी जा रही है।

कुमारी सैलजा ने कहा कि कोटा, देहरादून सहित देश के विभिन्न हिस्सों से छात्रों की समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती अव्यवस्था ने विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। माता-पिता अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं उनकी उम्मीदों को गहरा आघात पहुंचाती हैं।

उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को ऐसी शिक्षा व्यवस्था चाहिए, जिसमें पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और समान अवसर सुनिश्चित हों। इस अवसर पर एनएसयूआई ने छात्रों की ओर से तीन प्रमुख मांगें रखीं सभी प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर समय रहते जारी किया जाए, शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद स्थापित करें।

कुमारी सैलजा ने कहा कि देश का भविष्य उसके युवा हैं और उनके सपनों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। सांसद ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे छात्रों की समस्याओं को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाते रहें तथा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शिता के लिए संघर्ष जारी रखें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!