66 केवी लाइन क्षतिग्रस्त होने से चार फीडरों की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित, बहाली कार्य युद्ध स्तर पर जारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 18 जुलाई 2026 । आज सायं राष्ट्रीय राजमार्ग-8 क्रॉसिंग पर हरसरू–सेक्टर-35 सर्किट के 66 केवी कंडक्टर के टूटने के कारण 66 केवी सब-स्टेशन, सेक्टर-35 से होने वाली विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई।

इस घटना से 11 केवी के कुल 10 इंडस्ट्रियल एवं इंडिपेंडेंट फीडर प्रभावित हुए, जिनमें न्यू सेक्टर-35, न्यू शनि देव, सुपरॉन, सोना बीएलडब्ल्यू, आनंद एनवीएच, एचएसआईआईडीसी-1, एमएम एक्वा, एमटेक ऑटो, बम्बिनो एग्रो तथा एचएसआईआईडीसी-2 फीडर शामिल हैं।

इनमें से 11 केवी के दो इंडस्ट्रियल फीडरों न्यू सेक्टर-35 एवं न्यू शनि देव का लोड सेक्टर-34 सब-स्टेशन पर स्थानांतरित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष छह इंडिपेंडेंट एवं दो इंडस्ट्रियल फीडरों का लोड तकनीकी कारणों से अन्य स्रोतों पर स्थानांतरित करना संभव नहीं है।

बादशाहपुर सर्किट पर तीन दिवसीय शटडाउन के चलते एचवीपीएन की मेंटेनेंस टीम द्वारा निर्धारित रखरखाव कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण वैकल्पिक आपूर्ति उपलब्ध नहीं हो पा रही है।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के खेड़की दौला सब-डिवीजन के अंतर्गत वर्तमान में एसपीआर रोड (अर्बन), बेगमपुर खटोला (अर्बन), सुज़ुकी (इंडिपेंडेंट) तथा लेंसकार्ट (इंडिपेंडेंट) फीडरों की विद्युत आपूर्ति प्रभावित है।
डीएचबीवीएन की टीमें मौके पर लगातार कार्यरत हैं। विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल करने के लिए एचवीपीएन एवं अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर युद्ध स्तर पर मरम्मत एवं बहाली का कार्य किया जा रहा है।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी यातायात के कारण मरम्मत कार्य चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किया जा रहा है। वर्तमान आकलन के अनुसार प्रभावित फीडरों की विद्युत आपूर्ति बहाल होने में कुछ समय लग सकता है। हालांकि, यह समय-सीमा फील्ड की वास्तविक परिस्थितियों तथा मरम्मत एवं स्विचिंग कार्य की प्रगति के अनुसार परिवर्तित हो सकती है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!